दक्षिणी दिल्ली : पिछले कुछ समय के भीतर जिस तरह से डीएनडी फ्लाईओवर से छलांग लगाकर लोगों के सुसाइड करने का मामला सामने आए हैं, उससे डीएनडी फ्लाईओवर धीरे-धीरे सुसाइड प्वाइंट के रूप में प्रख्यात हो जा रहा है। अब डीएनडी पर सुसाइड का एक और मामला सामने आया है, जब शनिवार देर रात को सनलाइट कॉलोनी इलाके में आने वाले डीएनडी फ्लाईओवर से एक युवक ने यमुना नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली।
इसकी सूचना पाकर स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक के शव की तलाश शुरू की और रविवार दोपहर यमुना से उसका शव बाहर निकालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में सुरक्षित रखवाया। बता दें कि गत तीन मई को भी एक कैब चालक ने डीएनडी से यमुना में छलांग लगा दी थी। वहीं, इससे एक माह पूर्व भी डीएनडी के आसपास की झुग्गी में रहने वाले एक युवक ने भी यहां सुसाइड की थी।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने मृतक की पहचान 30 वर्षीय विरेन्द्र के रूप में हुई है, जो वाहन चालक था। हालांकि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह का साफ पता नहीं चल पाया है। लेकिन बताया जा रहा है कि विरेन्द्र की शादी नहीं हुई थी, जिसकी वजह से वह काफी परेशान रहता था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राधेश्याम पार्क एक्सटेंशन इलाके में अपने परिवार के साथ रहने वाला विरेन्द्र कनॉट प्लेस स्थित एक फार्म के सीए की गाड़ी चलाता था। परिजनों ने बताया कि घटना के दिन शनिवार को काम से करीब सवा सात वापस आने के बाद उसके दोस्त सुनील चावला ने फोन कर उसे अपने घर बुलाया। पौने आठ बजे विरेन्द्र अपने घर से निकल कर सुनील के घर पहुंचा। जहां से वे शराब पीने के लिए नोएडा चले गए और देर रात साढ़े दस बजे तक शराब पीते रहे। बाद में दोनों अपने-अपने घर के लिए निकल गए।
विरेन्द्र अपनी बाइक से डीएनडी होते हुए घर लौट रहा था। इसी बीच में फ्लाईओवर पर उसने अपनी बाइक रोक दी और अचानक यमुना में छलांग लगा दी। उस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ ही दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पांच गोताखोरों की टीम को विरेन्द्र की तलाश में लगाया गया। हालांकि देर रात करीब चार घंटे तक चली तलाशी अभियान के बाद भी शव बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने मौके पर पड़ी विरेन्द्र की बाइक से उसकी पहचान की। अंधेरा होने की वजह से रात में बचाव कार्य रोक दिया गया और रविवार सुबह फिर से शव की तलाश शुरू हुई। दोपहर करीब 2 बजे गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस परिजनों से पूछताछ करते हुए जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



