Alipur Murder Case: आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के अलीपुर थाना इलाके में गाली देने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले को चंद घंटों में सुलझाते हुए आरोपी इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि एडिशनल डीसीपी अमित कौशिक की देखरेख में एसएचओ शैंलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर विवेक, एसआई अंकुश, हेड कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल अजय की टीम ने पकड़ा है।
कश्मीरी कॉलोनी में सनसनी
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि 27 मार्च को अलीपुर थाना पुलिस को कश्मीरी कॉलोनी में चाकू मारने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां खून बिखरा हुआ मिला। जांच में पता चला कि घायल को पहले ही बुराड़ी अस्पताल ले जाया जा चुका है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने घायल युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरुण कुमार (22) के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान आरोपी अरुण जोशी (27) मौके पर ही मिल गया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका मृतक से झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान मृतक ने उसे गाली दी थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
“किरणदीप फाउंडेशन” के अंदर मर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना “किरणदीप फाउंडेशन” नाम के नशा मुक्ति केंद्र के अंदर हुई थी, जहां करीब 27 नशा करने वाले लोग भर्ती हैं। आरोपी भी करीब 9 महीने से इसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। पुलिस के अनुसार आरोपी अरुण जोशी त्रिनगर का रहने वाला है और उसने 2019 में गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रोहिणी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। कॉलेज के समय से ही उसे गांजा/कैनबिस लेने की आदत पड़ गई थी, जिसके चलते परिवार ने उसे इलाज के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। पुलिस अब इस मामले में नशा मुक्ति केंद्र की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।
Also Read: Patel Nagar: इंस्टाग्राम से दोस्ती कर बनाया पति, पैसों की अनबन में प्रेमी संग पति पर चाकू से हमला


Download Android App
Download iOS App




