नई दिल्ली : मुख्यमंत्री आवास के बाहर गुरुवार को एक जनसभा के दौरान पार्टी के पुराने सदस्य राजकुमार आनंद व उनकी पत्नी वीना आनंद ने दोबारा आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वीना आनंद वर्ष 2013 में आम आदमी पार्टी के टिकट से पटेल नगर विधानसभा से विधायक रह चुकी हैं। केजरीवाल ने दोनों का पार्टी में दोबारा शामिल होने पर स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ गलतफहमी के कारण राजकुमार आनंद व उनकी पत्नी वीणा आनंद ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता त्याग दी थी। लेकिन पिछले साढ़े 4 साल में आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली के अंदर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी एवं अन्य क्षेत्रों में जो परिवर्तन किए, उनसे प्रभावित होकर उन्होंने दोबारा आम आदमी पार्टी में आने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जो दलितों के लिए केवल भाषण नहीं देती, बल्कि दलितों के लिए काम भी करती है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के जीवन का उदाहरण देते हुए केजरीवाल ने कहा कि बाबा साहेब से हम सबको प्रेरणा मिलती है। बाबा साहेब ने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया। बेहद गरीब परिवार से होने के बावजूद उन्होंने शिक्षा के लिए संघर्ष किया। न केवल देश में बल्कि विदेश जाकर अच्छी शिक्षा ग्रहण की।
बाबा साहब हमेशा कहते थे कि अगर दलितों का उत्थान करना है तो उसका एकमात्र मंत्र है शिक्षा। शिक्षा ही एक ऐसा हथियार है जिसके माध्यम से एक ही पीढ़ी में पूरे दलित समाज का उद्धार हो सकता है। सभा को संबोधित करते हुए राजकुमार आनंद ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री केजरीवाल का दिल से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने हमें दोबारा से पार्टी में शामिल होने का मौका दिया।


Download Android App
Download iOS App



