दिल्ली पुलिस ने मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सलाहकार वीके जैन को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि अंशु प्रकाश के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में जैन से पूछताछ के लिए महारानी बाग स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया है।
जैन ने ही मुख्य सचिव को सोमवार देर रात बैठक में आने के लिए फोन किया था, जहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इसके अलावा ओखला के विधायक अमानतुल्लाह खान के घर के आसपास कल रात से ही पुलिस की तैनाती है तथा उसकी तलाश की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि खान को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई जगहों पर दबिश भी दी है।
गौरतलब है कि अंशु प्रकाश ने कल पुलिस को दी शिकायत में कहा था, ‘विधायक अमानातुल्लाह खान और मेरी बाई तरफ खड़े विधायक/व्यक्ति, जिसकी पहचान मैं कर सकता हूं, ने मेरी तरफ से बिना किसी उकसावे के मुझे पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने गालियां दी और कई थप्पड़ मारे।’ मुख्य सचिव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कल विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



