भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद गौतम गंभीर ने मंगलवार को अपने लोकसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले न्यू अशोक नगर में दूसरे ‘जन रसोई’ कैंटीन की शुरुआत की है, जहां एक रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रभारी बैजयंत पंडा ने यहां भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता की उपस्थिति में कैंटीन का उद्घाटन किया।
गांधी नगर में पहले बनी कैंटीन की ही तरह यहां भी सिर्फ एक रुपये में लोगों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन भरपेट उपलब्ध कराया जाएगा। गांधी नगर में पहली जन रसोई की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में की गई, जहां हर रोज करीब 1,000 लोगों को भोजन कराया जाता है। यहां अब तक 50,000 से अधिक लोग खाना खा चुके हैं। गौतम गंभीर ने इस पर कहा, ये केवल एक रसोई नहीं बल्कि एक मुहिम है। जरूरतमंदों का पेट भरने की मुहिम। मेरे पास टैक्स का भुगतान करने वालों के करोड़ों रुपये नहीं है, जिन्हें मैं अपने प्रचार पर खर्च कर सकूं। मैं अपने पैसे से समाज के कमजोर वर्ग की मदद करना चाहता हूं।
उन्होंने आगे कहा, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गरीबों के लिए सैंकड़ों सब्सिडाइज्ड कैंटीनों का वादा किया था, लेकिन यह सब सिर्फ प्रचार के लिए था, इनकी जमीनी हकीकत कुछ भी नहीं है। मैं ड्रामेबाजी और धरने के लिए राजनीति में नहीं आया हूं, बल्कि मैं वाकई में बदलाव लाना चाहता हूं और यही कर रहा हूं।


Download Android App
Download iOS App



