Delhi News : दिल्ली में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे। इसके तहत दिल्ली के बेला एस्टेट, जेलर वाला बाग, नरेला, बवाना, मंगोलपुरी और वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र जैसे उन इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं, जो हाल ही में पुनर्विकास या विध्वंस से प्रभावित हुए थे। दावों और आपत्तियों की पूरी अवधि के दौरान ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) विभिन्न बस्तियों में जाकर त्रुटि, स्थानांतरण,मृत्यु, डुप्लीकेट सूची में दर्ज मतदाताओं का पुन: सत्यापन कर रहे हैं। यदि कोई पात्र मतदाता अपने दिए गए पते पर निवास करता पाया जाता है, तो उससे तुरंत फार्म-6 भरवा कर नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।नवीनतम आंकड़ों के अनुसार दावों और आपत्तियों की अवधि शुरू होने के बाद से अब तक 2,30,165 फार्म-6 प्राप्त हो चुके हैं, जबकि प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन से पहले 2,12,400 फॉर्म-6 जमा हुए थे।
इन सभी आवेदनों का निपटारा भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। इसके अलावा, जनता की सुविधा और पारदर्शिता के लिए फार्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की पूरी सूची दिल्ली सीईओ की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, जिसे साप्ताहिक आधार पर राजनीतिक दलों के साथ भी साझा किया जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नागरिक का नाम निष्पक्ष और उचित सुनवाई का अवसर दिए बिना ड्राफ्ट मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
यदि किसी व्यक्ति को मतदाता सूची से संबंधित कोई शिकायत है या फार्म-6 भरने में मदद की आवश्यकता है, तो वे सीधे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, कार्यालय समय के दौरान जिला स्तर पर जिला चुनाव अधिकारी या विधानसभा स्तर पर निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क से भी सहायता ली जा सकती है। इस पूरी प्रक्रिया (एसआइआर) का समापन 04 दिसंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ होगा।


Download Android App
Download iOS App




