शाह और मोदी के अलावा जो भी PM बनेगा उसका समर्थन करेगी AAP : केजरीवाल

Summary :

प्रधानमंत्री कौन बनेगा इस के चक्कर में मत पड़ जाना। प्रधानमंत्री जो बने, मोदी और अमित शाह के अलावा जो भी प्रधानमंत्री बन रहा होगा हम उसको समर्थन कर देंगे’।

लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक पार्टियां अपना रंग बदलने में लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी दल एकजुटता दिखाते हुए एक दूसरे के करीब आ रहे है। चुनाव से पहले सभी पार्टियों की बयानबाज़ी भी जारी है। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी के अलावा कोई भी देश का प्रधानमंत्री बने तो उनकी पार्टी उसका समर्थन करेगी।

केजरीवाल ने कहा, ‘2019 का चुनाव इसी बात पर होना चाहिए कि किस तरह से मोदी और अमित शाह की जोड़ी को हटाना है। प्रधानमंत्री कौन बनेगा इस के चक्कर में मत पड़ जाना। प्रधानमंत्री जो मर्जी बने, मोदी और अमित शाह के अलावा जो भी प्रधानमंत्री बन रहा होगा हम उसको समर्थन कर देंगे’।

वहीं ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानुल्लाह खान ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के एक प्रोग्राम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में कहा कि आप लोग दिल्ली में आम आदमी पार्टी को वोट दो। बाद में कांग्रेस के प्रधानमंत्री को समर्थन देना पड़े तो देंगे।

लोकसभा चुनाव के लिए मुस्लिम समुदाय के बीच वोट की गुहार लगाते हुए विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा कि लोग कह रहे हैं कि कांग्रेस को वोट इसलिए देंगे क्योंकि प्रधानमंत्री उनका बनेगा, लेकिन हम यह कहते हैं कि प्रधानमंत्री उनका बना तो हम भी उन्हें सपोर्ट कर देंगे।

उत्तर प्रदेश में जैसे समाजवादी पार्टी लड़ रही है, ऐसे दिल्ली में आम आदमी पार्टी लड़ेगी। इस बयान के बाद से बात साफ है की आम आदमी पार्टी कांग्रेस पीएम उम्‍मीदवार को समर्थन देने के पूरे मूड में है।

Desk Team