नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद विजय गोयल एवं दक्षिणी दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी ने प्रेस वार्ता में कहा कि अनधिकृत कॉलोनियां पास होने की खुशी में भाजपा नेता कॉलोनीवासियों पास जाकर दीपावली मनाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 साल तक कांग्रेस 40 लाख अनधिकृत कॉलोनीवासियों के साथ धोखा करती रही। पिछले 5 साल से आम आदमी पार्टी धोखा दे रही है, लेकिन मोदी सरकार केजरीवाल के भरोसे अनधिकृत कॉलोनीवासियों को नहीं छोड़ सकती थी। इस अवसर पर मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
विजय गोयल ने कहा कि संसद में अनधिकृत कॉलोनियों के लिए बिल इस बात के लिए लाया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने 1,797 कॉलोनियों में रह रहे लोगों को सीधे मालिकाना हक दे दिया है, जो कॉलोनियां सरकारी जमीनों पर बसी हैं वहां पर 100 मीटर तक के प्लाट के लिए सर्किल रेट का मात्र आधा (0.5) प्रतिशत देना होगा। 100 से 250 मीटर तक के प्लाट पर सर्किल रेट का 1 प्रतिशत और वहीं 250 मीटर से अधिक के प्लाटों पर सर्किल रेट का 2.5 प्रतिशत देना होगा। निजी जमीनों पर बसी कॉलोनियों पर सरकारी जमीन पर बसी कॉलोनियों की अपेक्षाकृत आधे दाम देने होंगे।
इनके अलावा केंद्र सरकार ने जनता की सुविधा के लिए कन्वर्जन चार्ज के रूप में जमा कराई जाने वाली राशि पर तीन किश्तों की भी सुविधा दी गई है। 20 हजार के सर्कल रेट वाले 100 गज के प्लाट पर सरकारी जमीन पर 10 हजार रुपए और निजी जमीन पर मात्र 5 हजार रुपए कन्वर्जन चार्ज देना होगा। जरूरतमंद लोगों को 3 किश्तों में कन्वर्जन चार्ज भरने की सुविधा होगी। गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितिकरण को नियमबद्ध तरीके से कर रही है।
जिससे कॉलोनियों में रजिस्ट्री के बाद किसी को भी कोई समस्या न आये, इस बात का पूरा ध्यान रखा गया कि कोई कोर्ट में इसको चुनौती न दे सके या फिर स्थानीय राजस्व विभाग या इनकम टैक्स की ओर से लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। इन सभी बातों को ध्यान में रखकर ही लोकसभा में बिल लाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



