Delhi Air Pollution: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार और कांग्रेस आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने वायु गुणवत्ता की गिरती हालत के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार किया है। दिल्ली भाजपा ने गुरुवार को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के वायु और जल प्रदूषण पर दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि शहर में प्रदूषण 2009 के आसपास बढ़ना शुरू हुआ जब कांग्रेस सत्ता में थी।

Delhi Air Pollution: भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या 2009 में ही गंभीर हो गई थी, जब कांग्रेस नेता शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं। उन्होंने कहा कि नालों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट न लगाने के कारण यमुना नदी 2009 से पहले ही गंदी नाली बन चुकी थी। कांग्रेस की टिप्पणी को एक गंभीर मुद्दे पर राजनीति बताते हुए दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2007 से 2009 के बीच राष्ट्रमंडल खेलों के नाम पर शहर में अंधाधुंध निर्माण की अनुमति दी गई, जिसके कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर साल भर खतरे के निशान से ऊपर बना रहा और आज तक इस पर काबू नहीं पाया जा सका है।

कांग्रेस ने भाजपा का किया घेराव
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट न लगाने और ड्रेनेज मास्टर प्लान विकसित न करने के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का 27 साल का अक्षम शासन जिम्मेदार है। कांग्रेस नेता यादव ने गुरुवार को दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री परवेश वर्मा के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या चार-छह महीनों में हल नहीं होगी और कई वर्षों में धीरे-धीरे कम होगी।

Delhi Air Pollution: कांग्रेस ने भाजपा और AAP पर साधा निशाना
उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा ने चुनाव से पहले अपने घोषणापत्र में कहा था कि वे कई वर्षों में प्रदूषण कम करने का प्रयास करेंगे? यादव ने कहा कि 11 वर्षों में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया, लेकिन पिछले 10 महीनों में भाजपा प्रदूषण सहित कई समस्याओं पर कुछ भी नहीं कर पाई। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को घोषणा की कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अगले वर्ष तक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की सभी बसें इलेक्ट्रिक हों ताकि सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त हो सके।
ALSO READ: Goa Nightclub Fire: लूथरा ब्रदर्स को 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया


Download Android App
Download iOS App




