Delhi News : दिल्ली सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापना को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय में विशेष रूप से संवेदनशील पदों और शाखाओं पर अधिकारियों की तैनाती दिल्ली सरकार की मौजूदा नीति और दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जानी चाहिए। जानकारी के मुताबिक कुछ संवेदनशील पदों पर पिछले 10 साल से अधिक समय से लोग जमे हुए हैं।
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से आईपीयू के रजिस्ट्रार को भेजे गए पत्र में विश्वविद्यालय में अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापना से संबंधित विभिन्न अभ्यावेदनों के संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट का संदर्भ दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा 31 अगस्त 2026 को भेजी गई कार्रवाई रिपोर्ट के संबंध में यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया लागू नियमों और नीति के अनुसार हो।
निदेशालय ने खास तौर पर संवेदनशील पदों और शाखाओं में होने वाली तैनाती को लेकर दिल्ली सरकार की मौजूदा नीति एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन को मामले में नियमों और लागू नीति के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यह पत्र दिल्ली सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से आईपीयू रजिस्ट्रार को भेजा गया है। इसमें विश्वविद्यालय स्तर पर ही उचित कार्रवाई करते हुए स्थानांतरण एवं पदस्थापना की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App




