राष्ट्रीय राजधानी वासियों को तपिश और लू से निजात मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में लू का चलना और उच्चतर तापमान बना रहेगा। दिल्ली में मौसम का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड होने के एक दिन बाद शनिवार को तापमान में कुछ गिरावाट दर्ज की गई। शहर में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह में आर्द्रता का स्तर 48 फीसदी था। मौसम विभाग के अधिकारी ने दिन में और अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में शुक्रवार को 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था जो मौसम का सबसे गर्म दिन था। आयानगर और पालम में पारा क्रमश: 46 और 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
निजी एजेंसी स्काइमेट वेदर ने बताया कि चाणक्यपुरी इलाके में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में रिकॉर्ड तापमान को शहर का औपचारिक तापमान माना जाता है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



