Delhi Protest Stone Pelting: दिल्ली के कनॉट प्लेस में CJP प्रदर्शन के दौरान पथराव, 2 पुलिसकर्मी घायल, हिरासत में 50 प्रदर्शनकारी

Summary :

Delhi Protest Stone Pelting: दिल्ली के कनॉट प्लेस में CJP प्रदर्शन के दौरान PTI बिल्डिंग के पास पथराव हुआ, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। राकेश टिकैत गुट के किसान नेता और युवा प्रदर्शनकारी भी हिरासत में लिए गए। सुरक्षा के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं।

Delhi Protest Stone Pelting: नई दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में शनिवार को CJP  प्रदर्शन के दौरान तनाव के हालात बन गए। दरअसल,  PTI बिल्डिंग के पास जुटे प्रदर्शनकारियों  ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।  पुलिस के मुताबिक, इलाके में शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। मौके पर दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों के जवान भी तैनात किए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  नई दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में PTI बिल्डिंग के पास करीब 50 लोग प्रदर्शन करने के लिए इकट्ठा हुए थे। कुछ समय बाद वहां तनाव बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके जाने लगे। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।  पथराव के दौरान दो पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए कार्रवाई की और मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। लेकिन , शुरुआती जानकारी में प्रदर्शन के पीछे की वजह और पथराव शुरू होने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

राकेश टिकैत गुट के किसान नेता भी हिरासत में

कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के दौरान राकेश टिकैत गुट से जुड़े कुछ किसान नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को विशेष वाहनों में बैठाकर मौके से हटा रही है। इन वाहनों में ऐसी व्यवस्था है, जिससे हिरासत में लिए गए लोग आसानी से बाहर नहीं निकल सकते। मौके पर प्रदर्शनकारियों को सुरक्षाकर्मियों की मदद से वाहनों तक ले जाते हुए देखा गया। इस दौरान कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच खींचतान भी देखने को मिली।

कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क तक पहुंचे युवा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। सुरक्षा बल इलाके में लगातार निगरानी कर रहे हैं। हिरासत में लिए गए किसान नेताओं और युवाओं को कनॉट प्लेस से दूसरी जगह ले जाया जा रहा है। इसके अलावा गोल डाकखाना इलाके में भी बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने इलाके में मार्च कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाने और स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की।

DCP सचिन शर्मा बोले- एहतियात के तौर पर हो रही कार्रवाई

नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने बताया कि पुलिस प्रदर्शन के दौरान एहतियात के तौर पर कदम उठा रही है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। DCP के अनुसार, पुलिस का मुख्य उद्देश्य इलाके में शांति बनाए रखना और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है। PTI बिल्डिंग के पास हुई पत्थरबाजी के मामले में भी पुलिस हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। मौके पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए दूसरी जगह ले जाया जा रहा है।

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट के बीच चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, वोटर लिस्ट से नाम कटवाना अब नहीं होगा आसान

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।