नई दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में छात्रों पर हमला करने वाले छात्रों की पहचान दिल्ली पुलिस ने कर ली है। इस पूरे मामले पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि जेएनयू मामले में जांच की रिपोर्ट सामने आई है जिससे एक बार फिर से लेफ्ट का असली चेहरा उजागर हुआ है। चुनाव जब भी आते हैं यह लोग ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं जिससे युवाओं को भ्रमित किया जा सके।
तिवारी ने कहा कि रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया है कि जिन लोगों को दिल्ली की जनता ने नकार दिया है, वे लोग गैंग बनाकर साजिश कर छात्रों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिए इस तरह के हथकंड़े अपना रही है जिससे जनता का ध्यान अपनी नाकामियों से भटकाया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनवरी के माह में ही दिल्ली के मुख्यमंत्री ने 26 जनवरी की परेड रोकने की धमकी देते हुए अपने आप को अराजक कहा था। अराजकता का प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर अफवाह फैलायी और पूरे माहौल को धार्मिक रंग देकर लोगों को भड़काने का काम किया।
देश के टुकड़े टुकड़े चाहने वालों लोगों के बचाव में उतर कर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने देश के साथ ही नहीं दिल्ली की जनता के साथ भी धोखा किया है जिसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।


Download Android App
Download iOS App



