नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन की बर्खास्तगी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया एवं युवा मोर्चा प्रभारी मनोज त्यागी की उपस्थिति में हजारों कार्यकर्ता ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री सत्येंद्र जैन की बर्खास्तगी की मांग के नारे लगाते प्रदर्शनकारी चंदगीराम अखाड़े से मोर्चा निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास के समीप पहुंचे जहां भारी पुलिस बल की उपस्थिति के बावजूद कार्यकर्ताओं ने बैरीकेड तोड़े जिसके पश्चात पुलिस ने उन पर पानी की बौछार छोड़ी एवं 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
इस दौरान राजेश भाटिया ने कहा कि केजरीवाल सरकार से आज दिल्ली के युवा एवं महिलाएं पूरी तरह निराश हैं और इस सरकार के नित नये भ्रष्टाचार के किस्सों से केवल आम आदमी पार्टी की ही नहीं राजनीति की मर्यादाएं क्षीण हो रही हैं। सुनील यादव ने कहा है कि केजरीवाल सरकार देखते-देखते कुशासन, करप्शन एवं क्राइम का उदाहरण बन गई है, जहां मंत्री अपने रिश्तेदारों की सरकार में नियुक्तियां करते हैं, उनके रिश्तेदार ठेकों में धांधलियां करते हैं और रेप एवं महिलाओं के उत्पीड़न के अभियुक्त बनते हैं।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



