नई दिल्ली : राजधानी के निजी स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2019-20 में प्रवेश स्तर की कक्षाओं नर्सरी, केजी और पहली में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) एवं वंचित समूह (डीजी) और दिव्यांग वर्ग के बच्चों के दाखिले के लिए आवेदन 15 जनवरी से शुरू होंगे। शिक्षा निदेशालय द्वारा शुक्रवार को देर रात जारी सर्कुलर के मुताबिक ईडब्ल्यूएस, डीजी वर्ग और दिव्यांग वर्ग के दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जनवरी को शुरू होगी और 14 फरवरी तक अंतिम आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
वहीं इस बार शिक्षा निदेशालय ने ड्रॉ प्रक्रिया में मामूली बदलाव करते हुए ईडब्ल्यूएस और डीजी वर्ग से पहले दिव्यांग वर्ग के कम्प्यूटराइज्ड ड्रॉ निकालने का निर्णय लिया है। शिक्षा निदेशालय द्वारा दिव्यांग वर्ग के लिए पहला ड्रॉ 21 फरवरी को निकाला जाएगा, जबकि ईडब्ल्यूएस और डीजी वर्ग के पहले ड्रॉ की तिथि 27 फरवरी निर्धारित की गई है।
शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 के सेक्शन-12(1)(सी) के अंतर्गत निजी स्कूलों में 22 फीसदी सीटें ईडब्ल्यूएस-डीजी वर्ग के लिए और 3 फीसदी सीटें दिव्यांग वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वहीं इस बार शिक्षा निदेशालय ने अभिभावकों को एक और राहत दी है। दरअसल निदेशालय की ओर से इस बार ईडब्ल्यूएस, डीजी और दिव्यांग वर्ग में दाखिले के आवेदन के लिए तीन साल तक दिल्ली में निवास अवधि की शर्त को हटा दिया है। दिल्ली के निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और राजस्व विभाग द्वारा जारी राशन कार्ड होल्डर भी ईडब्ल्यूएस दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



