श्योपुर : यदि सबकुछ ठीकठाक रहा तो जल्द ही वाहन चलाने वालों को जरूरी दस्तावेज जेब में रखने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। यह संभव होने जा रहा है इंटीग्रेटेड मोबाइल एप से। इस एप में वाहन संबंधी सभी आवश्यक कागजात न केवल डाउनलोड रहेंगे,बल्कि देशभर में मान्य भी किए जाएंगे। सरकार साल के अंत तक इस एप को लागू करने की तैयारी में है। अभी तक दुपहिया,चार पहिया सहित भारी वाहन चलाने वालों को ड्राइविंग लायसेंस,रजिस्ट्रेशन,बीमा, परमिट,फिटनेस जैसे दस्तावेज साथ में रखने पडते हैं।
साथ में रखने की वजह से कई बार ये दस्तावेज गुम भी हो जाते हैं। जिसके चलते संबंधितों को भारी असुविधाओं का सामना करना पडता है। इस झंझट से निजात दिलाने के लिए परिवहन विभाग ने एक इंटीग्रेटेड मोबाइल एप तैयार किया है,जिसका शीघ्र ही ट्रॉयल होने वाला है। सूत्र बताते हैं कि कुछ समय पहले गुजरात के बडोदरा में मप्र सहित देशभर के परिवहन मंत्रियों की बैठक आहूत की गई थी। बैठक के दौरान इस बात पर सभी परिवहन मंत्री सहमत थे कि एक आम आदमी के हित में ऐसा मोबाइल एप लाया जाए,जिससे वाहन चालकों को ड्राइविंग के समय जरूरी दस्तावेज साथ रखने से मुक्ति मिल सके। इस एप में ड्रायविंग लायसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा,परमिट,फिटनेस आदि दस्तावेज होंगे। एप में डाउनलोड दस्तावेज पूरे देश में मान्य किए जाएंगे। खास बात यह है कि वेबसाइट को सेंट्रल सर्वर से लिंक करने की भी तैयारी है,ताकि वेबसाइट बार-बार हैक होने की समस्या से निजात मिल सके।


Download Android App
Download iOS App



