पहले सम्मान फिर ‘नायक’ का अपमान

Summary :

भारतीय घरेलू विस्तारा एयरलाइंस द्वारा कारगिल युद्ध के नायक मेजर जनरल जीडी बख्शी के अपमान करने के विरोध में सोशल मीडिया पर संग्राम छिड़ गया है।

नई दिल्ली : भारतीय घरेलू विस्तारा एयरलाइंस द्वारा कारगिल युद्ध के नायक मेजर जनरल जीडी बख्शी के अपमान करने के विरोध में सोशल मीडिया पर संग्राम छिड़ गया है। नेता, अभिनेता, गायक सहित सभी लोगों ने विस्तारा एयरलाइंस के विरोध में ट्विटर पर हैस टैग बायकॉट विस्तारा को ट्रेंड करवा रहे हैं। दरअसल मेजर जनरल जीडी बख्शी विस्तारा एयरलाइंस से सफर कर रहे थे।

इसी दौरान एयरलाइंस स्टाफ ने उनके सम्मान में उनके साथ सैल्फी लेकर फोटो ट्वीट की, तभी एक देश विरोधी संगठन के तरफ से एयरलाइंस को फोटो हटाने को कहा गया और एयरलाइंस ने तुरंत ट्विटर से फोटो को हटा दिया, जिसके विरोध में बॉलीवुड अभिनेता परेश रावल, गायिका मालिनी अवस्थी, नामी सिद्धार्थ पाई सहित अन्य ने विस्तारा एयरलाइंस के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया। मालिनी अवस्थी ने ट्वीट कर कहा कि सबसे बड़ा ढकोसला यही है कि ये तथाकथित लिबरल ही सबसे बड़े असहिष्णु हैं।

इन्हें हर उस बात से आपत्ति है जो भारतीयता से जुड़ी है, एक प्रखर फौजी के सम्मान पर किसी को कैसी आपत्ति हो जा सकती है। यह दुःखद है कि एयर विस्तारा पर दबाव बनाने का सामूहिक षड्यंत्र हुआ और विस्तारा दबाव में आ गई। वहीं परेश रावल ने कहा कि मैं भी इससे सहमत हूं। वहीं अन्य ने लिखा कि जो टुकड़े-टुकड़े गैंग के दबाव में आकर भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों का अपमान करते हैं, ऐसी एयर विस्तारा का हम बायकॉट करते हैं।

वहीं दिल्ली भाजपा प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने लिखा कि कि एंटी आर्मी गैंग के दबाव में एयर विस्तारा ने जनरल जीडी बख्शी की फोटो को हटा दिया। मैं तब तक विस्तारा एयरलाइंस से सफर नहीं करूंगा जबतक वह फिर से फोटो को ट्वीट नहीं करते और माफी नहीं मांगते। वहीं अन्य लोगों ने कहा कि एयरलाइन को तुरंत उनसे माफी मांगनी चाहिए। हालांकि देर रात तक एयरलाइंस के तरफ से कोई जवाब नहीं आया।

Desk Team