North-East District Crime News : उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने न्यू उस्मानपुर में कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर कारोबारी से चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की योजना बनाई थी। उन्हें उम्मीद थी कि डर के कारण कारोबारी 50 लाख रुपये तक देने को राजी हो जाएगा। वारदात को अंजाम देने के लिए दो शूटरों को सुपारी दी गई थी, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान एकांत, आकाश मोंटी और आशीष के तौर पर की है।
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अवाल ने बताया कि 15 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे न्यू उस्मानपुर थाने में फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता गांधी नगर कपड़ा मार्केट में टी-शर्ट का थोक कारोबार करता है। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश नाले की तरफ से आए और कारोबारी के घर के मुख्य गेट पर गोली चलाकर फरार हो गए। मौके पर एक धमकी भरी पर्ची भी मिली। कारोबारी को अमेरिका के एक अंतरराष्ट्रीय फोन नंबर से रंगदारी की मांग की गई थी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच कराकर मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी से खुली साजिश की परतें मामले की जांच न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस और जिला स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम को सौंपी गई। सीसीटीवी फुटेज में मोंटी नाम का युवक कथित तौर पर अंगूठे से शूटरों की ओर इशारा करता दिखाई दिया। यह पुलिस के लिए अहम सुराग बना। कारोबारी ने यह भी बताया कि उसका पूर्व किरायेदार आकाश उर्फ वीरू उससे मिला था और लाखों रुपये लेकर मामला सुलझवाने की पेशकश की थी। जांच के दौरान पुलिस ने 16 अक्टूबर को एकांत भाटी उर्फ संजू भाटी उर्फ ‘मास्टरजी’ (32) को गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से कारोबारी को डराकर रंगदारी वसूलने की साजिश का खुलासा हुआ। आरोप है कि एकांत ने मोंटी, आकाश उर्फ वीरू और आशीष डेड्ढा के साथ मिलकर योजना बनाई थी। उसकी निशानदेही पर 17 अक्टूबर को बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एकांत, मोंटी और आकाश के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एकांत द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में मेल नर्स है, जबकि आकाश उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का रहने वाला है। मोंटी गाजियाबाद से लॉ की पढ़ाई कर रहा है और आशीष ग्रेटर नोएडा की एक निजी टेलीकॉम कंपनी में काम करता है। आशीष के खिलाफ हत्या समेत तीन पुराने मामले दर्ज हैं।


Download Android App
Download iOS App




