सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-99 स्थित अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। यह कार्रवाई खसरा संख्या 331 व 332 पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए की गई, जिनके कारण एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना बाधित हो रही थी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी प्रकार का विरोध न हो। कार्यवाही के तहत लगभग 10-12 पक्की दुकानों, निर्माणाधीन ढांचों और 50 से 70 झुग्गियों को हटाया गया। इन सभी अवैध कब्जों के कारण लगभग 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण अधर में लटका हुआ था, जो सेक्टर-46, सेक्टर-47 और सेक्टर-99 को जोड़ने के लिए प्रस्तावित है।
यातायात सुविधा होगी दुरुस्त
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण से न केवल यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित होगा, बल्कि सेक्टर-47, 100 और 101 के पास स्थित व्यस्त ट्रैफिक सिग्नलों पर लगने वाला जाम भी काफी हद तक कम हो जाएगा। इसके अलावा, सेक्टर-99, 100 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के बीच सीधा कनेक्शन स्थापित होगा, जिससे दैनिक यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
अवैध निर्माण पर एक्शन तेज
प्राधिकरण को यह बड़ी राहत सुप्रीम कोर्ट से मिली, जहां किसानों द्वारा दाखिल की गई याचिका को खारिज कर दिया गया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि खसरा संख्या 331 व 332 पर किया गया निर्माण अवैध है और सार्वजनिक हित में सड़क निर्माण को रोका नहीं जा सकता। प्राधिकरण का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पूर्ण होते ही सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कर दिया जाएगा। इस सड़क के तैयार होने से हाजीपुर (सेक्टर-104) की ओर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



