देहरादून\कोटद्वार : उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन के बीच मुश्किलों का दौर जारी है। पौड़ी जिले के दूरस्थ क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय नदी में उफान के साथ आए मलबे से कलुण गांव में चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए। छह मवेशियों के बहने की भी सूचना है। इसके अलावा खेतों में मलबे से फसल भी तबाह हुई है। वहीं, पहाड़ों की रानी मसूरी के निकट कैम्पटी फॉल ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया। ये नजारा बेहद ही भयावह था। करीब दो घंटे बाद हालात सामान्य हुए तो आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। कुमाऊं के ऊधमसिंह नगर में एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। दूसरी ओर मौसम विभाग के अनुसार देहरादून समेत प्रदेश के आठ जिलों पर अगले 24 घंटे भारी पड़ सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाबौ ब्लाक के कलुण गांव शाम हुई अतिवृष्टि से दो मकान ढह गए। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के साथ ही पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर गई है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। अभी तक जनहानि की कोई सूचना नहीं है। जिलाधिकारी सुशील कुमार के मुताबिक पाबौ के कलुण गांव में शाम हुई तेज बारिश से दो मकान ढह गए। मलबे में कई नाली भूमि बहने के साथ ही रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि भूस्खलन से उनकी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ढहे मकान सिताब सिंह, दिलबर सिंह व रणजीत सिंह के बताए गए हैं। कुछ मवेशी भी मलबे में दबे हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान
एसडीएम श्याम सिंह राणा व तहसीलदार हरिमोहन खंडूड़़ी मौके पर गए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी व पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर भेजी गई है। वहीं दुगड्डा ब्लाक के ग्राम पंचायत जमरगड्डी में शाम हुई मूसलाधार बारिश से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि उस समय घर में कोई नहीं था। घटना की सूचना पट्टी पटवारी को दे दी गई है। गत 25 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद जमरगड्डी ग्रामपंचायत के जमरगड्डी मल्ली में अतिवृष्टि से सात आवासीय भवनों में गहरी दरारें आ गई थी। शाम हुई मूसलाधार बारिश में माया देवी का आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया।
– सुनील, राजेन्द्र


Download Android App
Download iOS App



