आरओबी न होने के कारण बढ़ रहा प्रदूषण

Summary :

किराड़ी, घेवरा और नरेला मंडी में रेल ओवरब्रिज बनाने के लिए निगम के पास फंड नहीं है। जिसका खामियाजा लोगों को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण के तौर पर भुगतना पड़ता।

नई दिल्ली : किराड़ी, घेवरा और नरेला मंडी में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने के लिए निगम के पास फंड नहीं है। जिसका खामियाजा लोगों को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण के तौर पर भुगतना पड़ता है। इस क्षेत्र में प्रदूषण स्तर बढ़ने की वजह यह कारण भी है। लेकिन फिर भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर नॉर्थ एमसीडी डीडीए को शहरी विकास फंड से फंड देने की मांग भी कर चुकी है। लेकिन फंड की कमी के कारण ही प्रोजेक्ट लटके पड़े हैं।

निगम से मिली जानकारी के मुताबिक तीनों ही जगहों पर रेल ओवरब्रिज बनाने के लिए डीडीए को शहरी विकास फंड से 282.7 करोड़ रुपए आवंटित करने के संबंध में नॉर्थ एमसीडी की ओर से पत्र लिखा जा चुका है। हालांकि इन तीनों प्रोजेक्टों को लेकर डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार की जा चुकी है। साथ ही स्वीकृति के लिए डीडीए और यूटीटीआईपीईसी को भेजी जा चुकी है।

सांस लेना होता है मुश्किल
तीनों ही जगहों पर रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण रोजाना सुबह-शाम ही नहीं बल्कि किसी भी समय ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जिससे धूल और वाहनों का धुआं फैलता रहता है। समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि लोगों का यहां पर सांस लेना तक दूभर हो जाता है। तीनों ही जगहों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण भी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहता है। वहीं, समय के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल की भी बर्बादी हो रही है।

430 पहुंचा एयर क्वालिटी इंडेक्स… दिल्ली में प्रदूषण का कहर बदस्तूर जारी है। साल के अंतिम दिन भी दिल्ली का एयर क्वालिटी 430 दर्ज किया गया। सफर की वेबसाइट के मुताबिक 430 जबकि सीपीसीबी के मुताबिक इंडेक्स 420 रहा। रिपोर्टों के अनुसार नए साल में भी प्रदूषण का स्तर रेड जोन में भी बरकरार रहेगा। लोग ट्विटर जैसे सोशल मीडिया के जरिए सीपीसीबी तक अपनी शिकायतें जमकर पहुंचा रहे हैं।

Desk Team