पूर्वी दिल्ली : कहते हैं कि दूसरों के लिए गड्ढा खोदने वाला खुद ही उस गड्ढे में गिर जाता है, ये कहावत नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के शास्त्री पार्क इलाके में रहने वाले युवक पर सटीक बैठती है। दरअसल वहां रहने वाले एक 28 वर्षीय युवक पर घर के पास ही रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने शादी करने का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। युवती की मानें तो जब युवती ने युवक से शादी करने की बात कही तो युवक ने उसे धमकी दी कि ‘न तो वो उससे शादी करेगा और न ही उसकी शादी कहीं होने देगा’।
इसके बाद पीड़िता ने थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने गत 7 अप्रैल को रेप व धमकाने का केस दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद युवक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। खास बात ये है कि आगामी 28 अप्रैल को युवक की किसी और युवती से शादी होनी है। दोनों ओर से कार्ड भी छपवाए जा चुके हैं। मगर युवक द्वारा युवती को दी गई धमकी अब उसी पर भारी पड़ती नजर आ रही है।
पुलिस के मुताबिक, युवती परिवार सहित शास्त्री पार्क इलाके में रहती है। पास में ही 28 वर्षीय युवक रहता है, जिसे युवती पिछले 7-8 वर्षों से जानती है। 3-4 वर्ष पहले दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। करीब ढाई वर्ष पहले युवक ने उसे अपने एक दोस्त के घर बुलाया था। आरोप है कि वहां युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
ऐसा ही युवक ने उसके साथ कई बार किया। मगर अब जब युवती ने उससे शादी करने की बात कही तो उसने शादी की बात से साफ इनकार कर दिया। साथ ही युवती को धमकी दी कि वो न तो उससे शादी करेगा और न ही किसी से होने देगा। मगर जब युवक खुद किसी और लड़की से शादी करने की तैयारी में लग गया तो युवती ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दे दी।
– कुणाल कश्यप


Download Android App
Download iOS App



