Jamia Millia Islamia : जामिया मिल्लिया इस्लामिया के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दूरस्थ शिक्षा (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग) और ऑनलाइन शिक्षा (ऑनलाइन लर्निंग) माध्यम के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा तथा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन पत्र 24 जुलाई से उपलब्ध हैं और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, एम.ए., एम.कॉम., बी.ए. (जनरल), बी.कॉम. और बीबीए सहित कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश अभ्यर्थियों की अर्हता परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। वहीं, एमबीए (दूरस्थ शिक्षा) और बीएड कार्यक्रम में प्रवेश के लिए 22 अगस्त को प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र जामिया मिल्लिया इस्लामिया परिसर में होगा, जिसकी जानकारी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के माध्यम से दी जाएगी।
इस वर्ष सीडीओई ने दो नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए हैं। इनमें बैचलर ऑफ साइंस (जैव विज्ञान) तथा एमबीए (ऑनलाइन) शामिल हैं। इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश अर्हता परीक्षा में प्राप्त अंकों और साक्षात्कार के आधार पर दिया जाएगा। इसके अलावा मार्गदर्शन एवं परामर्श में स्नातकोत्तर डिप्लोमा, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा में डिप्लोमा, शैक्षिक मीडिया निर्माण तथा जनसंचार में उन्नत डिप्लोमा, कंप्यूटर हार्डवेयर एवं नेटवर्क प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों सहित कई अन्य कार्यक्रमों में भी प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की सूचना उनके पंजीकृत ईमेल पर भेजी जाएगी। दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 31 अगस्त से 10 सितंबर तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले पात्रता संबंधी सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है तथा स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीडीओई के निदेशक प्रो. असलम खान ने कहा कि केंद्र ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जो उच्च शिक्षा और रोजगार बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप हों।



Download Android App
Download iOS App




