Cleanliness is Service Campaign 2026 : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के अंतर्गत देशभर में आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत कमला नेहरू रिज में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं दिल्लीवासियों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया और स्वच्छ एवं सुंदर दिल्ली के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में लोग सेवा का कोई न कोई कार्य कर रहे हैं। सुबह 8 से 9 बजे के निर्धारित समय में दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में भी हजारों लोग सेवा कार्यों से जुड़े और स्वच्छता सहित विभिन्न गतिविधियों में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने घर के आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं, नियमित आदत है
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या किसी विशेष अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि यह एक नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। जब भी कोई व्यक्ति सड़क या सार्वजनिक स्थान पर कोई कचरा फेंकता है तो उसे यह सोचना चाहिए कि उसकी इस छोटी-सी लापरवाही का असर आसपास के लोगों और पूरे वातावरण पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर हर व्यक्ति में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित होना आवश्यक है। स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों को भी अपना काम पूरी जिम्मेदारी से करना है और नागरिकों का भी दायित्व है कि सफाई होने के बाद उस स्वच्छता को बनाए रखें।
सफाई बनाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों, दोनों को अपनी-अपनी भूमिका निभानी होगी। सफाई कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों द्वारा नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, वहीं नागरिकों को भी सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने और साफ-सफाई बनाए रखने की आदत विकसित करनी होगी।
कमला नेहरू रिज और विश्वविद्यालय क्षेत्र में सामूहिक श्रमदान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज कमला नेहरू रिज और दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में शामिल होना इसी सामूहिक भावना का उदाहरण है। युवा शक्ति की भागीदारी ऐसे अभियानों को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने दिल्लीवासियों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं। सड़क, गली, पार्क, बाजार और अपने घर के आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।


Download Android App
Download iOS App




