ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता वारिस पठान ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कभी मुसलमानों के लिए काम नहीं किया। वारिस पठान ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की अटकलों पर कहा कि ‘आप’ नेता को क्या करना है, यह उनका निर्णय है। हमने तो पहले ही कहा है कि यह छोटा रिचार्ज है। वह तो भाजपा और आरएसएस की विचारधारा वाले हैं। केजरीवाल ने कभी भी मुसलमानों के लिए कोई काम नहीं किया। दो हजार करोड़ रुपये की घोटाले वाली कैग रिपोर्ट दिल्ली विधानसभा में पेश की गई है, अब यह देखना होगा कि केजरीवाल राज्यसभा जाते हैं या “कहीं और”।
महाराष्ट्र के मालवण में भारत-पाकिस्तान मैच के दिन पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने पर वाले की दुकान पर बुलडोजर चलाने पर वारिस पठान ने कहा कि अगर किसी ने देश के विरोध में नारेबाजी की है या कोई एंटी-नेशनल काम किया है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन किसी की दुकान पर बुलडोजर चला देना, यह कहां का न्याय है? ऐसा करना सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अपमान है।
महाराष्ट्र में ओएस और ओएसडी की नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा, “मैंने भी सुना है कि 16 लोगों के नाम की सिफारिश आई थी, लेकिन उन्होंने (मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने) यह कहते हुए उन सभी के नाम खारिज कर दिए कि वे सब फिक्सर हैं। जब मुख्यमंत्री यह आरोप लगा रहे हैं कि वे सब भ्रष्ट और फिक्सर्स हैं, तो उन सभी के नाम बताएं। मुख्यमंत्री की जवाबदेही बनती है कि सच जनता के सामने लाएं।”
उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी के महाकुंभ न जाने पर कई नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि इस देश में होड़ लगी है कि कौन बड़ा हिंदू है। सनातन धर्म का चैंपियन कौन है, इसके लिए रेस लगी हुई है। अब देश में इसी प्रकार की राजनीति चलेगी। बेरोजगारी और गरीबी पर अब कोई बात नहीं करेगा। दो करोड़ लोगों को रोजगार मिलना था, अभी तक नहीं मिला।
ममता बनर्जी ने ओबीसी कोटे से मुसलमानों को आरक्षण दिया था, लेकिन कोलकाता हाईकोर्ट ने उसे रद्द कर दिया। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।
इस संबंध में पूछे जाने पर वारिस पठान ने कहा कि देश की ऐसी कई कमेटी हैं जिन्होंने यह माना है कि मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए। महाराष्ट्र में भी हमने मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा उठाया था। मराठों को आरक्षण दिया गया, उससे हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन मुसलमानों को भी आरक्षण मिलना चाहिए। मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इस पर ज्यादा टिप्पणी करना सही नहीं है।
कोलकाता में विश्वकर्मा पूजा के मौके पर छुट्टी रद्द किए जाने पर एआईएमआईएम नेता ने कहा कि अब इस पर सरकार फैसला करे कि उन्हें विश्वकर्मा पूजा के दौरान छुट्टी देनी चाहिए या नहीं। महाराष्ट्र के पुणे में सरकारी बस के अंदर कथित तौर पर 26 साल की युवती से बलात्कार के मामले पर वारिस पठान ने कहा कि सरकारी बस हो या निजी, अगर कहीं भी महिला के साथ इस प्रकार की घटना घटती है तो हम उसका विरोध करते हैं। जो भी व्यक्ति इस प्रकार के अपराध में शामिल है, उसे कड़ी सजा होनी चाहिए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस मामले को चलाया जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



