LPG Vending Machine in Gurugram: देश में बढ़ती गैस की कीमतों और किल्लत के बीच दिल्ली-NCR के गुरुग्राम में एक नयी सुविधा शुरू हुई है। पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने NCR की पहली LPG वेंडिंग मशीन यानी ‘गैस ATM’ शुरू की है। कंपनी ने अपने पंजीकृत उपभोक्ताओं के लिए ये सुविधा शुरू की है। यहां लोग कभी भी जाकर खाली सिलेंडर देकर भरा हुआ सिलेंडर ले सकते हैं।
कहां लगी है ये मशीन?
यह मशीन गुरुग्राम के सेक्टर-33 सोहना स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगाई गई है। यह पूरी तरह ऑटोमैटिक और कॉन्टैक्टलेस मशीन है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक को सिलेंडर लेने के लिए बस अपना मोबाइल नंबर डालना होता है, फिर बारकोड स्कैन करके डिजिटल पेमेंट करना होता है। इसके बाद कुछ ही मिनटों में गैस सिलेंडर मिल जाता है। इस प्रक्रिया में कोई लंबी लाइन नहीं लगनी पड़ती और न ही डिलीवरी का इंतजार करना पड़ता है।
इस LPG ATM के फायदे
- इस गैस ATM में खास तरह के कंपोजिट सिलेंडर (15 किलो) मिलते हैं, जो पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्के होते हैं।
- यहां आप खाली सिलेंडर दीजिए और सिर्फ 2 से 3 मिनट में भरा हुआ सिलेंडर घर ले जाइए।
- ये सिलेंडर पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) हैं। इसमें आप बाहर से ही देख सकते हैं कि सिलंडर में कितनी गैस बची है। इसमें गैस चोरी या कम मिलने का भी डर नहीं होगा।
- यह सिलेंडर धूल-मुक्त है और इसमें कभी जंग नहीं लगता।
- मशीन में एक बार में करीब 10 सिलेंडर रखे जा सकते हैं। जैसे ही स्टॉक 2 सिलेंडर रह जाता है, सिस्टम खुद एजेंसी को अलर्ट भेजता है।
- यह सेवा पूरे दिन और रात उपलब्ध है, जिससे नौकरीपेशा लोगों को आसानी होती है।
कैसे मिलेगा सिलेंडर?
रिपोर्ट के अनुसार, अब तक बहुत कम सिलेंडर इस मशीने से लिए गए हैं। लेकिन जिन लोगों ने भी इसका इस्तेमाल किया, उन्होंने इसे आसान और सुविधाजनक बताया। भारत गैस का कनेक्शन रख्नने वाले ग्राहक अपना मोबाइल नंबर डालकर, OTP से वेरिफाई कर सकते हैं। खाली सिलेंडर का बारकोड या QR कोड स्कैन करना होता है और फिर UPI या डेबिट कार्ड से पेमेंट करके नया सिलेंडर ले सकते हैं।
यह पहल तब शुरू की गई है जब LPG सप्लाई में कई जगह दिक्कतें आ रही हैं और लोग जल्दी से दूसरा ऑप्शन ढूंढ रहे हैं। ऐसे में गैस ATM भविष्य में गैस डिस्ट्रीब्यूशन का तरीका बदल सकता है। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल होता है, तो ऐसी मशीनें दूसरे शहरों में भी लगाई जा सकती हैं। यह नई तकनीक समय बचाती है और गैस लेने का तरीका आसान और तेज बनाती है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ा फायदा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘महिला स्टाफ के सामने बेइज्जती करता था…’, Ghaziabad में बैंक मैनेजर को गोली मारने वाले गार्ड का कबूलनामा


Download Android App
Download iOS App



