LPSC Exemption Scheme A Success : दिल्ली जल बोर्ड की लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) छूट योजना को बड़ी सफलता मिल रही है। योजना के तहत अब तक 5.66 लाख से अधिक घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता लाभ उठा चुके हैं। दिल्ली जल बोर्ड की ओर से इन उपभोक्ताओं को कुल 3,618.73 करोड़ रुपए की लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) छूट प्रदान की गई है। वहीं, लंबे समय से लंबित पानी के बिलों के मूलधन के रूप में जल बोर्ड को 1,076.15 करोड़ रुपए की वसूली हुई है। सरकार का कहना है कि इस योजना से जहां उपभोक्ताओं को पुराने बकाया बिलों के निपटारे में बड़ी आर्थिक राहत मिल रही है, वहीं जल बोर्ड की वित्तीय स्थिति को भी मजबूती मिल रही है।
योजना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल 13,39,018 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं में से 5,48,074 ने इसका लाभ उठाया है। इस तरह करीब 41 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ता योजना से जुड़ चुके हैं। घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को कुल 1,886.89 करोड़ रुपए की एलपीएससी छूट दी गई है, जबकि इनके बकाया बिलों के मूलधन के रूप में 854.54 करोड़ रुपए जल बोर्ड को प्राप्त हुए हैं। व्यावसायिक श्रेणी में भी योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
इस श्रेणी के लिए योजना बाद में शुरू की गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने इसमें रुचि दिखाई है। कुल 70,312 पात्र व्यावसायिक उपभोक्ताओं में से 18,275 उपभोक्ता योजना का लाभ उठा चुके हैं। यह करीब 26 प्रतिशत भागीदारी है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं को 1,731.84 करोड़ रुपए की एलपीएससी छूट दी गई है, जबकि मूलधन के रूप में 221.61 करोड़ रुपए की वसूली हुई है।
स्वेच्छा से भुगतान के लिए आगे आ रहे उपभोक्ता
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि योजना की सबसे उत्साहजनक बात यह है कि उपभोक्ता बिना किसी दबाव के स्वेच्छा से अपने पुराने बकाया बिलों का भुगतान करने के लिए आगे आ रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि लोगों को राहत का सार्थक अवसर मिलने पर वे अपनी लंबित देनदारियों का निपटारा करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बकाया राशि की वसूली करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता के लिए अपने खाते का निपटारा आसान बनाना और उसे नियमानुसार छूट का लाभ पहुंचाना भी है। घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की सकारात्मक भागीदारी इस पहल की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने योजना में सहयोग देने वाले सभी उपभोक्ताओं का आभार जताया।
ई-केवाईसी के जरिए सभी पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा लाभ
जल मंत्री ने कहा कि योजना के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अभी प्रयास जारी हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है कि कोई भी पात्र उपभोक्ता छूट के लाभ से वंचित न रहे। सरकार का लक्ष्य सभी पात्र उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराना, उन्हें नियमानुसार एलपीएससी छूट उपलब्ध कराना और बकाया मूलधन की निर्धारित वसूली सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता की निरंतर भागीदारी और जल बोर्ड की टीमों के प्रयासों से निर्धारित लक्ष्य जल्द हासिल किए जा सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App




