दक्षिणी दिल्ली: मैक्स अस्पताल में डॉक्टरों की कथित लापरवाही से दो नवजात बच्चों की मौत के मामले में अपराध शाखा ने तीन डॉक्टरों को नोटिस तलब किया है। शुक्रवार को पहली पूछताछ के लिए तीनों डॉक्टरों को बुलाया गया है, जिसमें बच्चों की मौत, डॉक्टरों की कथित लापरवाही से जुड़े कई सवाल अपराध शाखा पूछेगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल के तीन डॉक्टरों को नोटिस दिया है और शुक्रवार को उनसे पूछताछ हो सकती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की टीम ने मैक्स अस्पताल का निरीक्षण किया था और मामले से जुड़े लगभग सभी दस्तावेज टीम ने अपने पास सुरक्षित रखा हुआ है।
अपराध शाखा उपायुक्त जॉय टिर्की ने पुष्टि करते हुए कहा कि अपराध शाखा की टीम ने मामले से जुड़े तीनों वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस भेजकर पूछताछ में शामिल होने के लिए बुलाया है। हालांकि यह मामला मेडिकल जगत की लापरवाही से जुड़ा हुआ है, इसलिए पूरी पूछताछ के बावजूद विशेषज्ञों से राय भी मांगी जाएगी। इससे पहले टीम ने दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) को पत्र लिखकर पूरे मामले पर उनकी राय मांगी थी।
वहीं इस पूरे मामले पर डीएमसी अपनी समानांतर जांच कर रही है और डीएमसी का तर्क है कि वह पुलिस के पास अपनी राय उनकी जांच पूरी होने के बाद ही भेज सकेंगे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए शुक्रवार को डॉक्टरों के आने की संभावना है, लेकिन पूछताछ के दौरान कोई अन्य डॉक्टर वहां मौजूद नहीं रहेगा। पुलिस की टीम ने डॉक्टरों से पूछने के लिए सवालों की एक सूची तैयार की है, जिसके आधार पर उन डॉक्टरों से जवाब तलब की जाएगी।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
– रवि भूषण द्विवेदी


Download Android App
Download iOS App



