दिल्ली विधानसभा चुनावों में लगा मीम्स का तड़का

Summary :

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख के आगे बढ़ते कारवां के साथ राजनीतिक दलों के चुनाव-प्रचार का तरीका भी नये-नये रूप अख्तियार करता जा रहा है।

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख के आगे बढ़ते कारवां के साथ राजनीतिक दलों के चुनाव-प्रचार का तरीका भी नये-नये रूप अख्तियार करता जा रहा है। इस बार पार्टियों के प्रचार में सोशल मीडिया का जोरदार तड़का देखने को मिल रहा है। राजनीतिक दल अपने प्रतिद्वंदियों पर वीडियो और मीम्स के माध्यम से हमला बोल रहे हैं। 
इसमें दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर ये वीडियो और मीम्स जमकर वायरल हो रहे हैं और लोग इन पर जमकर चुटकी ले रहे हैं और इन्हें शेयर भी कर रहे हैं। इसकी शुरुआत आम आदमी पार्टी (आप) ने की। आप ने वीडियो और फनी मीम्स के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस को ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद यह सिलसिला जोर पकड़ता चला गया। 
आप ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शाहरुख खान एवं काजोल की फिल्म ‘बाजीगर’ के एक सीन का मीम बनाकर डाला। इस मीम में शाहरुख खान और काजोल का फोटो पोस्ट किया, जिसमें शाहरुख खान को अरविंद केजरीवाल और काजोल को दिल्ली बताया गया है। दिलचस्प बात ये है कि इस फोटो में मौजूद एक और अभिनेता सिद्धार्थ राय को मनोज तिवारी बताया गया है। 
कैप्शन में मनोज तिवारी को टैग कर ‘ऑल द बेस्ट’ लिख दिया। फोटो पर भाजपा ने जवाब देते हुए लिखा, ‘इस फिल्म में शाहरुख खान ने उस विलेन की भूमिका निभाई जो काजोल के परिवार के खिलाफ साजिश रचता है और उनकी बहन को मारते हैं और अंत में वे अपने अपराध की सजा पाते हैं, यही दिल्ली में केजरीवाल के साथ भी होगा। इतना ही नहीं कांग्रेस ने और आगे बढ़ते हुए इस फोटो पर अलग ही जवाब दिया। दिल्ली कांग्रेस ने इस फोटो को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया और कहा कि कांग्रेस वाले दुल्हनियां ले जाएंगे आप और भाजपा देखते रह जाएंगे। 
इसमें कांग्रेस को अजय देवगन के रूप में दिखाया गया है। दरअसल इस फोटो में काजोल (दिल्ली) दोनो में से किसी की तरफ रुचि नहीं दिखा रही हैं और असल में कांग्रेस पार्टी की तरफ देख रही हैं। इससे कांग्रेस ने जनता को भरोसा दिया है कि हम आप और भाजपा दोनों से हम दिल्ली को बचाएंगे। यहां बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव चुनाव के प्रचार के साथ राजनीतिक पार्टियों का यह सोशल वार लोगों को खूब पसंद आ रहा है, लोग इस पर जमकर चुटकी ले रहे हैं।

Desk Team