डिग्री के साथ मिली नई जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच से देश को आगे बढ़ाएं : पीयूष गोयल

Summary :

Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए वर्षों की मेहनत का वह पल आया, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। डिग्री हाथ में आने के साथ ही विद्यार्थियों के जीवन का एक नया अध्याय शुरू हुआ। समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच ही देश को आगे लेकर जाएगी। नकारात्मक सोच रखने वाले लोग कभी देश का भला नहीं कर सकते। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने…

Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए वर्षों की मेहनत का वह पल आया, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। डिग्री हाथ में आने के साथ ही विद्यार्थियों के जीवन का एक नया अध्याय शुरू हुआ।

समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच ही देश को आगे लेकर जाएगी। नकारात्मक सोच रखने वाले लोग कभी देश का भला नहीं कर सकते। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करने का आह्वान किया।

डीयू के बहुउद्देशीय खेल परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पीयूष गोयल ने रिमोट से बटन दबाकर 1,72,668 विद्यार्थियों की डिजिटल डिग्रियां जारी कीं। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपने हाथों से मेडल प्रदान किए। समारोह में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को दर्शाने वाली ‘बुक ऑफ हाइलाइट्स’ भी जारी की गई।

पीयूष गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब किसी व्यक्ति को शक्ति मिलती है तो उसके साथ यह एहसास भी होना चाहिए कि उसकी जिम्मेदारी क्या है। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थी डिग्री की नई शक्ति लेकर डीयू से बाहर निकल रहे हैं, लेकिन इस शक्ति के साथ उनका कर्तव्य भी बढ़ गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि कोई भी विचार राष्ट्र से बड़ा नहीं होता। जो विचार देशहित की रक्षा नहीं करता, उसे जितनी जल्दी हो छोड़ देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कुलपति ने कहा कि अपनी सफलता पर गर्व करना अच्छी बात है, लेकिन किसी दूसरे के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे डीयू से बाहर जा रहे हैं, लेकिन डीयू उनके जीवन से बाहर नहीं जाएगा।

कुलपति ने महिला विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी को बदलते भारत का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ रही हैं। समारोह में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया।

472 शोधार्थियों को मिली पीएचडी की डिग्री

दीक्षांत समारोह में 472 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। इनमें 245 महिला और 227 पुरुष शोधार्थी शामिल रहे। इसके अलावा कुल 163 गोल्ड और सिल्वर मेडल तथा यूजी और पीजी विद्यार्थियों को 34 पुरस्कार प्रदान किए गए। रेगुलर, एनसीडब्ल्यूईबी और एसओएल के विद्यार्थियों को मिलाकर 1,60,438 यूजी और 11,758 पीजी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।

समारोह में डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. बलराम पाणी, दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता और परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

Sumant Chaudhary