नई दिल्ली : दिल्ली के तीनों नगर निगमों में महापौर व उपमहापौर पदों के लिए आखिरी दिन नामांकन दाखिल किया गया। गुुरुवार को भाजपा की ओर से नामों की घोषणा के बाद पार्षदों ने निगम सचिवों के पास अपना नामांकन जमा किया। नॉर्थ एमसीडी में महापौर पद के लिए अवतार सिंह, साउथ एमसीडी में सुनीता कांगड़ा व ईस्ट एमसीडी में अंजू कमलकांत ने नामांकन किया। तीनों ही निगमों में भाजपा के बहुमत के कारण इन तीनों का ही निर्विरोध निर्वाचन तय है। बस आधिकारिक घोषणा ही बाकी है जोकि आगामी आम सभा की बैठक में की जाएगी। इसके अलावा तीनों निगमों के वर्तमान महापौर ने स्टैंडिंग कमेटी सदस्य के तौर पर अपना नामांकन किया।
नॉर्थ एमसीडी में महापौर पद के लिए सिविल लाइंस से पार्षद अवतार सिंह और उपमहापौर पद पर अशोक विहार से पार्षद योगेश वर्मा ने नामांकन किया है। इसके साथ ही स्टैंडिंग कमेटी सदस्यों के लिए नामांकन किए गए। यहां पर तीन खाली पदों के लिए चार पार्षदों ने नामांकन किया है। भाजपा की ओर से वर्तमान महापौर आदेश कुमार गुप्ता (वेस्ट पटेल नगर) व जय प्रकाश (सदर बाजार), आम आदमी पार्टी की ओर से रविन्द्र भारद्वाज (वार्ड नंबर-41, अमन विहार) और कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रेरणा सिंह (इंद्रलोक कॉलोनी) के नाम शामिल हैं।
साउथ एमसीडी में महापौर के लिए इस बार रिजर्व कैटेगरी की महिला पार्षद सुनीता कांगड़ा और उपमहापौर के लिए ककरोला से पार्षद राजदत्त गहलोत को मौका दिया गया है। वर्तमान महापौर नरेन्द्र चावला को स्टैंडिंग कमेटी के लिए भाजपा की ओर से चुना गया है। चावला के साथ-साथ भूपेन्द्र गुप्ता और बलराम ओबरॉय ने भी स्टैंडिंग कमेटी सदस्य के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। यहां पर अंजू कमलकांत ने महापौर पद के लिए, विवेक विहार से पार्षद संजय गोयल ने उपमहापौर पद के लिए नामांकन किया।
भाजपा की ओर से बिपिन बिहारी सिंह व वेलकम कॉलोनी से पार्षद अजय शर्मा और आप की ओर से अब्दुल रहमान ने स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य के लिए नामांकन दाखिल किया है। दिल्ली भाजपा महासचिव राजेश भाटिया ने कहा कि दलित सिख अवतार सिंह और बाकी दोनों निगमों में महिला पार्षदों को मौका दिया जाना सराहनीय है। ये सभी बेहतर कार्य करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



