पूर्वी दिल्ली : लक्ष्मी नगर स्थित एक पीजी में वहां काम करने वाले युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हाालांकि मृतक आशीष (21) के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिससे खुदकुशी करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आखिरी बार दो दिन पूर्व उसकी मौसी से फोन पर बात हुई थी।
इसके बाद उसका फोन बंद आता रहा। परिजन उसे ढूंढते हुए पीजी पर पहुंचे। जहां सीसीटीवी से फुटेज से पता चला कि वो तीसरी मंजिल पर गया था। परिजन तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो वह एक कमरे में पंखे से बने फंदे पर लटका मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आशीष लक्ष्मी नगर स्थित पीजी में रहता था और वहीं साफ-सफाई का काम करता था। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला था। गुरुवार दोपहर उसने आखिरी बार अपनी मौसी से बात की थी। इसके बाद परिजनों ने उसे फोन करने का प्रयास किया तो उसका फोन बंद मिला। वह ढूंढते हुए पीजी पहुंचे, लेकिन वह नहीं मिला।
आसपास उसकी तलाश करने के बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में वो तीसरी मंजिल पर जाता दिखा। परिजन तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। आशीष एक कमरे में पंखे पर लगे फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जांच में पता चला है कि अगले माह आशीष की सगाई होनी थी। किन कारणों से आशीष ने ये कदम उठाया इसकी जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



