मांगों के बदले मिलीं पुलिस की लाठियां

Summary :

जंतर-मंतर पहुंचे निगम के सफाई कर्मचारियों की समस्या का तो कोई निदान नहीं निकला। बल्कि उल्टे उन्हें दिल्ली पुलिस की लाठियों का शिकार होना पड़ा।

नई दिल्ली : अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पहुंचे निगम के सफाई कर्मचारियों की समस्या का तो कोई निदान नहीं निकला। बल्कि उल्टे उन्हें दिल्ली पुलिस की लाठियों का शिकार होना पड़ा। इससे गुस्साए सफाई कर्मियों ने भी पुलिस बल पर पत्थर फेंके। सोमवार को तय कार्यक्रम दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के बाद संसद का घेराव करने पहुंचे। कहा जा रहा है कि इसी दौरान सफाई कर्मचारियों ने पुलिस बैरिकेटिंग तोड़ दी और जमकर हंगामा किया।

हालत बिगड़ता देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस लाठीचार्ज में कई सफाई कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए। संयज गहलोत की अगुवाई वाली एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन व संबंधित संगठनों ने लाठीचार्ज की घोर निंदा की है। साथ ही निगम को चेतावनी भी दी है कि अभी तक सड़कों पर ही कूड़ा डाला जाता था लेकिन अब सीवरेज सिस्टम की सफाई नहीं की जाएगी। साथ ही सीवरेज सिस्टम को जाम भी किया जाएगा।

जुटेंगे ईस्ट एमसीडी मुख्यालय पर
जंतर-मंतर की घटना के बाद सफाई कर्मचारियों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर है। यूनियन का आंदोलन जारी रहेगा। यूनियन ने एक बार फिर से ईस्ट एमसीडी मुख्यालय पर एकत्र होकर निगम मुख्यालय को घेरने का ऐलान किया है। यूनियन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संजय गहलोत ने बताया कि अब दिल्ली के सफाई कर्मियों का ही नहीं, बल्कि दिल्ली के बाहर के सफाई कर्मियों का समर्थन भी उन्हें मिलने लगा है। जब तक उनकी मांगों को लिखित में नहीं माना जाएगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। निगम में आम आदमी पार्टी के नेता विपक्ष कुलदीप कुमार ने प्रेसवार्ता कर कहा कि शनिवार को हड़ताल में शामिल 71 सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया गया था, उन्हें बिना किसी शर्त के वापस नौकरी पर रखा जाए।

एमसीडी वेतन मामला : कोर्ट ने कहा इनके भी परिवार और बच्चे हैं

17 सस्पेंड, 26 निकाले गए
ईस्ट एमसीडी ने शाहदरा जोन से 17 सफाई कर्मचारियों को काम में कोताही करने के एवज में सस्पेंड कर दिया है। वहीं 26 डेली वेजिज कर्मचारियों की सेवाओं को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया गया है। इसमें से 11 शाहदरा साउथ जोन से व 15 शाहदरा नॉर्थ जोन के कर्मचारी हैं। पूर्वी निगम क्षेत्र में पिछले 26 दिनों से निगम सफाई कर्मी अपनी जरूरी मांगों को लेकर मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहें हैं। गत शनिवार को 71 सफाई कर्मियों को निलंबित किया गया था। जिसके बाद यूनियन का आंदोलन उग्र हो गया। प्रदर्शन को रोकने के मकसद से ही रविवार को ईस्ट एमसीडी मेयर बिपिन बिहारी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रैंस कर सफाई कर्मियों को पक्का करने का ऐलान किया था। निगम ने इस मामले में कार्रवाई की है।

पत्थरबाजी में पांच पुलिसकर्मी घायल…
वेतन न मिलने से परेशान चल रहे पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वाईएमसीए के पास खड़े बैरिकेड गिरा दिए। जिसके बाद पुलिस को सख्त रुख अपनाना पड़ा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए उन पर लाठियां भांजीं। जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक भीड़ में से ही कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिसमें पांच पुलिसकमिर्यों को मामूली चोटें आई हैं।

Desk Team