नई दिल्ली : आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट करने के दौरान अब आपको घंटों लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं। आप घर बैठे ही पता लगा सकेंगे, कि आपके बूथ पर कितनी भीड़ है और आपको कब वोट करने के लिए जाना चाहिए। दरअसल इस चुनाव में चुनाव आयोग क्यूआर कोड आधारित वोटर स्लिप जारी करेगा। इस स्लिप की मदद से न केवल चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी बल्कि वोटिंग की गति भी तेज होगी।
साथ ही इसी क्यूआर कोड की मदद से पता चलेगा कि उक्त बुथ पर कितने लोग हैं। दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप आयुक्त डॉ. संदीप सक्सेना की अध्यक्षा में उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक के दौरान चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के संबंध में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि देश में पहली बार विधानसभा चुनाव के दौरान पूरी तरह से क्यूआर कोड आधारित वोटर स्लिप जारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मतदाता जब वोट करने के लिए मतदान केंद्र पर जाएगा तो उक्त क्यूआर कोड से उसकी पहचान होगी। मिलान के बाद वोटर को एक टोकन नंबर दिया जाएगा। साथ ही जब वह अंदर जाएगा तो वह जानकारी वोटर हेल्प लाइन एप पर अपलोड कर दी जाएगी। साथ ही जब वोटर वोट कर बाहर आएगा तो फिर से क्यूआर कोड की मदद से जानकारी एप पर अपलोड कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से अंदर जाने वाले और बाहर जाने वाले दोनों की जानकारी एप से मिल जाएगी। साथ ही पता चल जाएगा कि अभी कितने लोग वोट करने की लाइन में हैं।
झंझट खत्म आएगी पादर्शिता
डॉ. सिंह ने बताया कि क्यूआर कोड की मदद से अब नाम तलाशने के लिए परेशान नहीं होना होगा। मतदान केंद्र पर बैठे अधिकारी स्लिप पर उकेरे गए क्यूआर कोड को स्कैन कर तुरंत जानकारी हासिल कर लेगा। पहले लोग काफी देर तक नाम तलाशने के लिए परेशान होते थे। यहीं नहीं अंदर बैठे पार्टी एजेंट भी उसी कोड के आधार पर सुनिश्चित कर सकेंगे कि जो वोट करने आया है वह सही व्यक्ति है। डॉ. सिंह ने बताया कि क्यूआर कोड की मदद से अपलोड होने वाली जानकारी की मदद से रियल टाइम वोटर टर्न आउट पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले अधिकारी अपने स्तर पर व्यवस्था करते थे।


Download Android App
Download iOS App



