भुवनेश्वर : पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) द्वारा एक वर्तमान और एक पूर्व विधायक की हत्या करने के एक दिन बाद, सुरक्षा बलों को ओडिशा में हाईअलर्ट कर दिया गया है। ओडिशा के आईजी (आपरेशन) आर पी कोचे ने कहा कि विशेष अभियान समूह (एसओजी) को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आर पी शर्मा ने कहा कि आंध्र प्रदेश से सटे कोरापुट, मल्कानगिरि और रायगड़ जैसे माओवाद प्रभावित जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से हाईअलर्ट पर रहने के निर्देश दिये गये हैं। जिस जगह पर तेदेपा के दो नेताओं की रविवार को हत्या की गई, वह जगह ओडिशा से केवल 15 किलोमीटर दूर है।
शर्मा ने कहा कि उनकी दो नेताओं की हत्या पर आंध्र प्रदेश के उनके समकक्षों से चर्चा हुई है और ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादियों का पता लगाने के लिए बहुत जल्द अभियान चलाया जाएगा। भाकपा (माओवादी) ने रविवार को सत्तारूढ पार्टी तेदेपा के विधायक के सर्वेश्वर राव तथा पूर्व पार्टी नेता सिवेरी सोमा की आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में गोली मारकर हत्या कर दी थी।


Download Android App
Download iOS App



