क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर 5 लाख की ठगी, चार साइबर ठग गिरफ्तार

Summary :

South Delhi Crime News : क्रिप्टोकरेंसी में निवेश और खरीद-फरोख्त करने वाले कारोबारियों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का साउथ-वेस्ट जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अतुल मीणा, जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा के तौर पर हुई है। आरोपी बाइनेंस के पी2पी प्लेटफॉर्म पर नकली खरीदार बनकर कारोबारियों से संपर्क करते थे और फिर फिशिंग लिंक भेजकर उनके क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट से पूरी रकम उड़ा लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 62 हजार रुपये…

South Delhi Crime News : क्रिप्टोकरेंसी में निवेश और खरीद-फरोख्त करने वाले कारोबारियों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का साउथ-वेस्ट जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अतुल मीणा, जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा के तौर पर हुई है। आरोपी बाइनेंस के पी2पी प्लेटफॉर्म पर नकली खरीदार बनकर कारोबारियों से संपर्क करते थे और फिर फिशिंग लिंक भेजकर उनके क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट से पूरी रकम उड़ा लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 62 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले में ठगी गई 4,985 यूएसडीटी (करीब 5 लाख रुपये) की पूरी रकम पीड़ित को वापस करा दी गई है।

डीसीपी साउथ-वेस्ट अमित गोयल ने बताया कि 6 जून 2026 को शिकायतकर्ता बाइनेंस पी2पी पर यूएसडीटी बेचने के लिए सक्रिय था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया और बातचीत सोशल मीडिया ऐप पर शुरू कर दी। आरोपी ने उसे एक फिशिंग लिंक भेजा, जिसके जरिए उसके क्रिप्टो वॉलेट से 4,985 यूएसडीटी की रकम निकाल ली गई।

इस संबंध में 2 जुलाई को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी जांच और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण से पुलिस को राजस्थान के अलवर में सक्रिय गिरोह का पता चला। पुलिस ने पहले अलवर में छापा मारकर अतुल मीणा को पकड़ने के प्रयास किए और उसके ठिकाने से 1.62 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड, वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड बरामद किए। इसके बाद जयपुर से उसके तीन साथी जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा गिरफ्तार किए गए। उनके पास से आठ मोबाइल फोन मिले। बाद में फरार चल रहे अतुल मीणा को दिल्ली के धौलाकुआं के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

ऐसे करते थे ठगी

डीसीपी के मुताबिक, गिरोह गांवों के युवकों को कमीशन पर अपने साथ जोड़ता था। ये युवक सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर किराये पर बाइनेंस अकाउंट लेते और यूएसडीटी बेचने वाले कारोबारियों से संपर्क करते थे। इसके बाद उनके नंबर अतुल मीणा को दिए जाते थे। अतुल खुद को खरीदार बताकर फिशिंग लिंक भेजता और वॉलेट तक पहुंच बनाकर पूरी क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर कर लेता था। पुलिस अब ठगी से जुड़े अन्य खातों और क्रिप्टो वॉलेट की जांच कर रही है।

Sumant Chaudhary