South Delhi News : राजधानी में प्रतिबंधित पतंग का मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बाइक से घर लौट रहे 27 वर्षीय विकास की मांझे से गला कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि बाइक की रफ्तार के बीच मांझा विकास के गले में फंस गया। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनका गला करीब 90 प्रतिशत तक कट गया। अन्य राहगीरों ने तुरंत पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और उसे गंभीर हालत में एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक विकास जैतपुर के सौरभ विहार में परिवार के साथ रहता था। वह नेहरू प्लेस स्थित लैपटॉप मरम्मत करने वाली एक कंपनी में जॉब करता था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले का रहने वाला था। विकास सोमवार शाम काम के सिलसिले में घर से निकला था। मंगलवार सुबह बाइक से घर लौटते समय वह सराय काले खां से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया था। बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान अचानक पतंग का मांझा उसके गले के सामने आया और गर्दन को काफी गहरा काट दिया। गले से खून की धार फूट पड़ी और विकास बाइक समेत सड़क पर गिर गया।
पीसीआर कॉल पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। कॉल करने वाले ने बताया कि एक बाइक सवार सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरा हुआ है और उसके शरीर से खून निकल रहा है। सूचना मिलते ही शाहीन बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने विकास को गंभीर हालत में तुरंत एंबुलेंस की मदद से एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने मृतके परिवार की जानकारी जुटाने के बाद उन्हें हादसे की सूचना दी। पुलिस का कहना है कि बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
लापरवाही से मौत के एंगल पर जांच
पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस बाबत शाहीन बाग थाने में लापरवाही हुई मौत की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। इस बाबत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने क्राइम टीम की मदद से मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
प्रतिबंध के बावजूद जानलेवा बना मांझा
गौरतलब है कि दिल्ली में प्रतिबंध और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह अदृश्य धारदार फंदा साबित हो रहा है। विकास की मौत ने एक बार फिर मांझे की रोकथाम और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App




