रुद्रपुर : नगर निगम चुनाव प्रचार में जुटे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत रुद्रपुर पहुंचे। लेकिन बीजेपी पर गरीब विरोधी और नजूल भूमि के नाम पर गरीबों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने सीएम वापस जाओ के नारे लगाए। नारे लगाते हुए रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरसात में ले लिया है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के करीबन 12-15 कार्यकर्ता सीएम के रुद्रपुर दौरे का विरोध करने सड़कों पर उतरे। वो नारे लगाते हाथों में होर्डिंग लिए रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे थे। मैदान में सीएम की जनसभा प्रस्तावित होने की वजह से पुलिस की सुरक्षा भी कड़ी थी। उन्होंने नजूल भूमि पर मालिकाना हक न मिलने और अतिक्रमण अभियान के तहत लोगों को उजाड़ने का आरोप लगाते हुए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सीएम वापस जाओ के नारे लगाए।
इस दौरान जैसे ही कार्यकर्ता रामलीला मैदान की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया। इसका विरोध करते हुए सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस के रोकने पर जब कार्यकर्ता सड़क पर नहीं रुके तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी कार्यकर्ताओं को सिडकुल चौकी ले गई है।
सीएम के आगमन से पूर्व भाजपाई मौजद लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नजूल भूमि पर मालिकाना हक को लेकर लड़ाई केवल भाजपा ने लड़ी है। कांग्रेस सिर्फ इस मुद्दे पर जनता को बरगलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही सही मायने में विकास करती है।


Download Android App
Download iOS App



