STEM Lab inaugurated at CM Shri School : दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों में आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ छात्राओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठा रही है। इसी कड़ी में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर सीएम श्री स्कूल में अत्याधुनिक स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित) लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्या वाहिनी योजना के तहत कक्षा 9 की 32 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें भी वितरित कीं। कार्यक्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं शिखर धवन फाउंडेशन के संस्थापक शिखर धवन भी मौजूद रहे।
दिल्ली सरकार और शिखर धवन फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित यह दूसरी स्टेम लैब है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से सीखने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और तकनीकी कौशल हासिल करने के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में द वन ग्रुप की नेतृत्व टीम और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहयोगी स्पोर्ट्सकीड़ा के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
बच्चों में सवाल पूछने और नई खोज करने की क्षमता विकसित करना जरूरी
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार चाहती है कि दिल्ली के बच्चों की शिक्षा केवल कक्षाओं और किताबों तक सीमित न रहे। विद्यार्थी पढ़ने के साथ सोचें, सवाल पूछें, प्रयोग करें, असफलताओं से सीखें और दोबारा प्रयास कर नई खोज करने की क्षमता विकसित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सवालों के जवाब देना नहीं, बल्कि बच्चों में सही सवाल पूछने की समझ विकसित करना भी है। उन्होंने स्टेम लैब को विद्यार्थियों के लिए ‘सपनों की प्रयोगशाला’ बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से सरकारी स्कूलों के बच्चे रटने की परंपरा से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए और उन्हें आधुनिक शिक्षा के पर्याप्त अवसर मिलें।
1.40 लाख छात्राओं को साइकिल देने का लक्ष्य
विद्या वाहिनी योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण के महत्व पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहल केवल आवागमन की सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और शिक्षा को प्रोत्साहित करने से भी जुड़ी है। साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य इस योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की लगभग 1.40 लाख छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें उपलब्ध कराना है। इनमें से करीब 20 हजार साइकिलें पहले ही वितरित की जा चुकी हैं।


Download Android App
Download iOS App




