Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए कार्बन गार्डन की स्थापना की गई। इसका उद्घाटन दिल्ली विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रमुख, वैज्ञानिक एवं पर्यावरणविद् प्रो. दीनबंधु साहू ने किया। कार्बन गार्डन का उद्देश्य वातावरण में कार्बन के अवशोषण को बढ़ाने, जैव विविधता को प्रोत्साहित करने और प्रकृति आधारित उपायों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उद्घाटन अवसर पर प्रो. दीनबंधु साहू ने कहा कि भारत में प्रकृति से जुड़ाव की परंपरा पुरानी है। पेड़-पौधों का भारतीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं में विशेष स्थान रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और पर्यावरणीय समझ के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे महानगरों में हरित क्षेत्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्बन गार्डन पर्यावरण संरक्षण के साथ विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने और उनके मानसिक स्वास्थ्य व कल्याण में योगदान देने का माध्यम भी बन सकता है।
उन्होंने युवाओं की पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी पर जोर देते हुए मिरांडा हाउस की पहल को शिक्षा, शोध और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाला प्रयास बताया।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. बिजयालक्ष्मी नंदा ने कहा कि मिरांडा हाउस पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गार्डन विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
कॉलेज के अनुसार, मिरांडा हाउस कार्बन गार्डन में करीब 50 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इनमें जलप्रिय, शुष्कताप्रिय और सामान्य नमी वाले वातावरण में उगने वाले पौधे शामिल हैं। अमरूद और सहजन जैसी स्थानीय प्रजातियों को भी गार्डन में स्थान दिया गया है।
यह गार्डन विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए जीवंत प्रयोगशाला के रूप में काम करेगा। इसके माध्यम से कार्बन अवशोषण, जैव विविधता, पारिस्थितिकी तंत्र और टिकाऊ पर्यावरणीय उपायों का व्यावहारिक अध्ययन किया जा सकेगा। उद्घाटन के बाद महाविद्यालय की उद्यान समिति, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने गार्डन के उद्देश्यों और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका पर चर्चा की।


Download Android App
Download iOS App




