National Urban Conclave 2026 : आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा ओडिशा सरकार के सहयोग से भुवनेश्वर में 19वां ‘अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन और प्रदर्शनी 2026’ आज और कल आयोजित किया जाएगा। इसके तत्काल बाद 24-25 अक्टूबर को ‘नेशनल अर्बन कॉन्क्लेव’ का दूसरा संस्करण आयोजित होगा। भुवनेश्वर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सतिंदर पाल सिंह ने ‘नेशनल अर्बन कॉन्क्लेव 2026’ के बारे में मीडिया को जानकारी दी। वहीं, मंत्रालय के संयुक्त सचिव, प्रवीर कुमार ने ‘अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन और प्रदर्शनी’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ओडिशा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव, उषा पाधी और आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के निदेशक योगेश अंतिल भी मौजूद रहे।
नेशनल अर्बन कॉन्क्लेव 2026
नेशनल अर्बन कॉन्क्लेव 2026 के बारे में सतिंदर पाल सिंह ने बताया कि इस कॉन्क्लेव का दूसरा संस्करण 24-25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा ओडिशा सरकार के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें हुडको और एनबीसीसी का भी समर्थन प्राप्त है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स इसमें नॉलेज पार्टनर की भूमिका निभा रहा है, जबकि हुडको और एनबीसीसी और इसके मुख्य प्रायोजक हैं।
उन्होंने बताया कि इस साल का कॉन्क्लेव ‘अर्बन राइजिंग-रीथिंकिंग अर्बन सिस्टम्स, सॉल्यूशंस एंड डिलीवरी’ (शहरी उत्थान – शहरी प्रणालियों, समाधानों और सेवा वितरण पर पुनर्विचार) विषय पर केंद्रित होगा। इसमें भारतीय शहरों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए शहरी प्रणालियों, संस्थानों और कार्यान्वयन तंत्रों को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी। इस कॉन्क्लेव का उद्घाटन आवास और शहरी मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उपस्थित रहेंगे। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग जैन और नीति आयोग के सदस्य राजीव गौबा भी मुख्य अतिथि के रूप में इसमें शामिल होंगे। बता दें कि इसका पहला संस्करण पिछले साल नवंबर में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था।
सात विषयों पर केंद्रित होगा कॉन्क्लेव
1- राइट टू वॉक
2- जल, अपशिष्ट और संसाधन दक्षता
3-किफायती आवास
4- एकीकृत शहरी विकास और बुनियादी ढांचा वितरण
5- शहरी सेवा वितरण के नए प्रतिमान
6- मॉडल बिल्डिंग बायलॉज
7- मॉडल म्युनिसिपल लॉ
19वां अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन और प्रदर्शनी
19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन और प्रदर्शनी के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रवीर कुमार ने बताया कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम 23-24 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन मंत्रालय द्वारा ‘इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन ट्रांसपोर्ट (इंडिया)’ के माध्यम से और ओडिशा सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के सम्मेलन की थीम ‘डिजिटल युग में शहरी सुगम्यता और रहने योग्य शहर है। यह सम्मेलन उभरती डिजिटल तकनीकों के माध्यम से शहरी सुगम्यता, एकीकृत परिवहन बुनियादी ढांचे और शहरी जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने पर केंद्रित होगा।
कुमार ने बताया कि सम्मेलन में टिकाऊ और कम कार्बन उत्सर्जन वाले सार्वजनिक परिवहन, परिवहन के विभिन्न साधनों के एकीकरण, ‘फर्स्ट और लास्ट-माइल’ कनेक्टिविटी (यात्रा के शुरुआती और अंतिम चरण की कनेक्टिविटी), और शहरी गतिशीलता (अर्बन मोबिलिटी) को बेहतर बनाने में तकनीक की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। इसमें निर्बाध और कुशल परिवहन सेवाएं प्रदान करने के लिए ‘मोबिलिटी एज ए सर्विस’ और रियल-टाइम जीपीसी-आधारित समाधानों की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि 19वें यूएमआई सम्मेलन और प्रदर्शनी में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय वक्ताओं सहित लगभग 1500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App




