नई दिल्ली : साल के पहले दिन ही राजधानी दिल्ली की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। खासतौर से इंडिया गेट, कनॉट प्लेस, साउथ दिल्ली के शॉपिंग मॉल्स, कश्मीरी गेट हनुमान मंदिर, कालकाजी मंदिर, गुरुद्वारा रकाब गंज, जामा मस्जिद, महरौली, धौला कुआं व एयरपोर्ट लाइन पर जाम की स्थिति बनी रही। शाम के वक्त पीक टाइम में तो यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। सर्दी के बावजूद यातायात व्यवस्था को खुलवाने में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।
कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, करोलबाग झंडेवालान हनुमान मंदिर और हनुमान मंदिर कश्मीरी गेट पर वाहन रेंगते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस सूत्रों की माने तो इंडिया गेट और सीपी में करीब डेढ़ लाख लोग पहुंचे थे। जिसकी वजह से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। ट्रैफिक एक्सपर्ट एवं समाज सेवी एसपी सिंह का कहना है कि भारत ऐसा देश है, जहां लोग धर्म-कर्म में ज्यादा विश्वास करते हैं। यहां की गंगा-जमुना तहजीब विश्व में विख्यात है।
राजधानी दिल्ली देश का दिल है, जहां हर धर्म के लोग रहते हैं और उनके धार्मिक स्थल भी हैं। धर्म-कर्म में आस्था के चलते लोग साल के पहले दिन की शुरुआत धार्मिक स्थलों में जाकर और गरीबों की मदद से करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में युवा लोग मौज-मस्ती के लिए निकलते हैं। सड़कों पर ट्रैफिक का वॉल्यूम बढ़ जाने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उनका कहना है कि यह अब हर साल की बात बन गई है।
धार्मिक स्थलों पर लगा जाम
ट्रैफिक पुलिस सूत्रों के मुताबिक न्यू इयर-इव के मौके पर ट्रैफिक प्रेशर प्वाइंट कम थे। मगर नए साल के पहले दिन ट्रैफिक प्रेशर प्वाइंट करीब दस गुना थे। क्योंकि नए साल के मौके पर लोग धार्मिक स्थलों पर दर्शन और मौज मस्ती के लिए घूमने निकलते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों, पर्यटक स्थलों व अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास जाम की स्थिति बन जाती है।


Download Android App
Download iOS App



