ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इस ट्रक ड्राइवर को देना पड़ा 2 लाख रुपये का जुर्माना

Summary :

देश भर में नए मोटर व्हीकल एक्ट पास होने के बाद अब यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ खूब सख्ती बरती जा रही है।

देश भर में नए मोटर व्हीकल एक्ट पास होने के बाद अब यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ खूब सख्ती बरती जा रही है। नए मोटर व्हीकल एक्ट के चलते जहां लोगों के  भारी भरकम चालान काटे जा रहे हैं वहीं अब चालान की रकम के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक ताजा-ताजा मामला दिल्ली से सामने आया है।
बेशक कई राज्यों में चालान की राशि को कम कर दिया हो,लेकिन दिल्ली में तो अच्छी खासी मोटी रकम के चालान कटना लगातार जारी है। बीती रात दिल्ली में अभी तक का सबसे महंगा चालान काट दिया गया है। इस चालान की राशि 2 लाख 500 रुपए है। ये चालान एक राम किशन नाम के ट्रक ड्राइवर का कटा है जो ट्रेफिक नियमों का बड़े हल्के में लेकर अपनी धुन में चल रहा था।

पुलिस ने भलस्वा इलाके में काटा चालान

बीती रात दिल्ली पुलिस ने मुकरबा चौक से भलस्वा की ओर जा रहे हरियाणा नंबर HR 69C7473 ट्रक का चालान काटा है। ट्रक ड्राइवर राम किशन के पास ट्रैफिक नियमों के तहत कोई भी दस्तावेज नहीं था। राम किशन का ये चालान रोहिणी कोर्ट का कटा है।

इन नियमों का पालन न करने की वजह से हुआ चालान
मिली जानकारी के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने राम किशन के  2 लाख 500 रुपए के चालान में 56 हजार का चालान ओवरलोडिंग,5 हजार रुपए ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होना,10 हजार रुपए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट ,10 हजार फिटनेस,10 हजार रुपए परमिट वॉयलेशन,4 हजार रुपए इंश्योरेंश,10 हजार रुपए पॉल्यूशन सर्टिफिकेट,20 हजार रुपए बिना ढकीं निर्माण सामान ले जाने और 1000 रुपए सीट बेल्ट न लगाने के लिए जुर्माना किया है। वैसे ओवर लोडिंग का चालान 20 हजार रुपए है लेकिन जितना टन ज्यादा सामान होगा उसे 2 हजार से गुणा कर दिया जाएगा। इस मुताबिक ड्राइवर कुल 18 टन ज्यादा सामान लेकर जा रहा था। 
ट्रक  ड्राइवर राम किशन का कहना है कि उनकी गाड़ी की लोडिंग 25 टन पास है और गाड़ी में 43 टन रेत था। उनकी गाड़ी में 18 टन से ज्यादा रेत बताकर चालान किया गया है। उन्हें खुद नहीं मालूम की इतना चालान कैसे हो गया। वहीं इस भारी भरकम चालान को लेकर ट्रक मालिक ने कहा कि चालान के रूप में इतनी बड़ी रकम को वसूलना उनके साथ ज्यादती है। जानकारी के लिए बता दें कि एक सितंबर से नए मोटर व्हीकल एक्ट के लागू होने के बाद से ही एक के बाद एक भारी भरकम रकम के चालान कट रहे हैं। वहीं दिल्ली में इन नियमों को तोडऩे वालों को किसी तरह की रिहायती नहीं दी जा रही है।

Desk Team