‘हमले के मास्टरमाइंड वीसी, तत्काल हटाएं और कार्रवाई करें’

Summary :

जेएनयू में हुए हमले को लेकर कांग्रेस द्वारा बनाई गई एक तथ्यान्वेषी समिति ने रविवार को आरोप लगाया कि कुलपति एम जगदीश कुमार इसके ‘मास्टरमाइंड” थे।

नई दिल्ली : जेएनयू में हुए हमले को लेकर कांग्रेस द्वारा बनाई गई एक तथ्यान्वेषी समिति ने रविवार को आरोप लगाया कि कुलपति एम जगदीश कुमार इसके ‘मास्टरमाइंड” थे। समिति ने कुलपति को तत्काल हटाने और उनके खिलाफ आपराधिक जांच शुरू करने की मांग की। 
समिति की सदस्य सुष्मिता देव ने कहा कि नकाबपोशों द्वारा पांच जनवरी को विश्वविद्यालय में हुआ हमला ‘सरकार प्रायोजित” था। समिति ने तत्काल कुमार को हटाने की मांग की और कहा कि संकाय में सारी नियुक्तियों की तुरंत छानबीन होनी चाहिए और स्वतंत्र जांच करवाने की जरूरत है। 
कांग्रेस ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में हमले की विस्तृत जांच करवाने के लिए चार सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति बनायी थी। महिला कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि कुलपति, विश्वविद्यालय में सुरक्षा मुहैया करानी वाली एजेंसी और संकाय के उन सदस्यों के खिलाफ जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस के बयान तथ्यहीन : एबीवीपी
नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): एबीवीपी ने कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी बयान को तथ्यहीन करार दिया। संगठन ने यह रिपोर्ट जेएनयू में वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा की गई हिंसा को छुपाने का एक असफल प्रयास बताया है। एबीवीपी की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को जब एक एबीवीपी कार्यकर्ता जोकि खून से लथपथ था, एसएफआई, आईसा, एआईएसएफ डीएसएफ द्वारा जेएनयू में की गई हिंसा को बताने की कोशिश करता है तब प्रियंका गांधी अपना मुंह फेर लेती हैं, यह बिल्कुल सच से मुंह फेरने के जैसा है।

Desk Team