दिल्ली-एनसीआर में मौसम लेगा करवट, आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Summary :

Weather News : दिल्ली-एनसीआर में अक्टूबर के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तेज हवाओं के कारण तापमान का असर कुछ कम हो रहा है। शुक्रवार को धूल भरी आंधी चलने से कई इलाकों में दिन के समय अंधेरा जैसा माहौल बन गया। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को राजधानी तथा आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार,…

Weather News : दिल्ली-एनसीआर में अक्टूबर के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तेज हवाओं के कारण तापमान का असर कुछ कम हो रहा है। शुक्रवार को धूल भरी आंधी चलने से कई इलाकों में दिन के समय अंधेरा जैसा माहौल बन गया। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को राजधानी तथा आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मौसम में बदलाव के पीछे उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तथा हरियाणा और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण प्रमुख कारण हैं। इनके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। रविवार को राजधानी में हल्के बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बारिश और बादलों से तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली की हवा अब भी मध्यम श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 157 दर्ज किया गया। फरीदाबाद में यह 138, गुरुग्राम में 123, गाजियाबाद में 135, ग्रेटर नोएडा में 142 और नोएडा में 128 रहा। दिल्ली के कुछ इलाकों में एक्यूआई 200 के पार भी दर्ज किया गया।

इस बीच, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपायों की जांच तेज कर दी है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को प्रदूषण नियंत्रण मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Sumant Chaudhary