रायपुर : आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में अपना मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा कर दी है आदिवासी युवक कोमल हुपेंडी आप से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। बुधवार को दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय और सांसद संजय सिंह ने प्रेसवार्ता लेकर इसकी घोषणा की। कोमल हुपेंडी बस्तर संभाग के भानुप्रतापपुर के रहने वाले हैं। कोमल की उम्र 37 वर्ष है और उन्होंने एमए इतिहास से किया है।
कोमल हुपेंडी सहकारिता अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वे 2007 से लेकर 2016 तक सहकारिता अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि कोमल कोआपरेटिव बैंक के सीईओ भी रह चुके हैं नौकरी छोड़कर पिछले तीन सालों से वह सक्रिय राजनीति में काम कर रहे हैं। कोमल हुपेंडी पूना कर्रे लयिंग लयोर गोटुल नामक संस्था के जरिए गरीब युवाओं को काम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कराते हैं। इस संस्था से पढ़कर निकलने वाले कई बच्चे टीचर बन चुके हैं साथ ही कई अन्य बच्चे सरकारी विभागों में भी चयनित हुए हैं।
शराबबंदी को लेकर भी कोमल हुपेंडी ने कई आंदोलन किया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने सीएम कंडीडेट के ऐलान के साथ ही नौ विधानसभा सीटों में अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान भी किया है। कई विधानसभा सीटें ऐसी है, जहां प्रत्याशी बदले गए हैं बिंद्रानवागढ़ से सियाराम ठाकुर, कुनकुरी से इंद्रनाथ साय, राजिम से राजा ठाकुर, पंडरिया से जीतेंद्र चंद्रवंशी, कवर्धा से पवन चंद्रवंशी, दुर्ग ग्रामीण से ईश्वरी कुर्रे, मनेंद्रगढ़ से सतीश सिंह, रामानुजगंज से मसीह दास खलको और राजनांदगांव से वरूण तिवारी को आम आदमी पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले कवर्धा से भास्कर द्विवेदी, दुर्ग ग्रामीण से टिकट चंद्राकर, मनेंद्रगढ़ से मंसूर मेमन, रामानुजगंज से सुग्रीव राय और राजनांदगांव से सौरभ निर्वाणी को आम आदमी पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया था।


Download Android App
Download iOS App



