Jan Aushadhi Diwas 2025: CM रेखा गुप्ता ने जन औषधि केंद्र पर लाभार्थियों से की मुलाकात

Summary :

प्रधानमंत्री जन औषधि योजना से जनता को 30 हजार करोड़ की बचत

सातवें जन औषधि दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को अशोक विहार स्थित जन औषधि केंद्र पर पहुंची और वहां पर सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जन औषधि केंद्र पर आने वाले लाभार्थियों से भी मुलाकात की।

इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि ‘प्रधानमंत्री जन औषधि योजना’ पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई एक ऐसी परियोजना है, जिसके माध्यम से पिछले सात वर्षों में देश की जनता की 30 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है। आज सातवां जन औषधि दिवस है।

Delhi की शिक्षा में सुधार के लिए CM रेखा गुप्ता की नई पहल, शिक्षाविदों से चर्चा

उन्होंने आगे कहा कि हमसे पहले की सरकारों ने शायद इस जनहित योजना से खुद को और अपनी सरकार को दूर रखा, इसलिए कि इसमें ‘प्रधानमंत्री’ शब्द जुड़ा था, जिसके कारण उन्हें इससे जुड़ने में परेशानी थी। आज मैं दिल्ली को बधाई देना चाहूंगी, सातवें जन औषधि दिवस के अवसर पर हम दिल्ली सरकार में नियमों के तहत जहां भी जन औषधि केंद्र खोल सकते हैं, वहां उन्हें खोला जाएगा।

दिल्ली में बड़ी संख्या में जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे ताकि इस योजना का लाभ दिल्ली की जनता को मिल सके। यहां बहुत ही कम कीमत पर ऐसी दवाइयां उपलब्ध हैं, जो जीवन रक्षक हैं और सामान्य दरों से 90 प्रतिशत तक सस्ती हैं। यहां तक कि बहुत महंगी दवाइयां भी 50 प्रतिशत से अधिक कम कीमत पर उपलब्ध हैं। दिल्ली की जनता का अधिकार है कि वह इस विश्वसनीय योजना से जुड़ सके।

बता दें कि हर साल 7 मार्च को ‘जन औषधि दिवस’ मनाया जाता है, ताकि इस योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके और जेनेरिक दवाओं के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा सके।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना ने आम जनता को किफायती दामों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिससे देश के हर कोने तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचना सुनिश्चित हुआ है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.