‘अकाली-भाजपा’ गठबन्धन

Summary :

आगामी वर्ष 2027 के शुरू में देश के जिन पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर व गोवा में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं उनमें उत्तर प्रदेश के बाद पंजाब ऐसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सीमाओं से लगा प्रदेश है जिसकी आन्तरिक राजनीति राष्ट्रीय राजनीति में बहुत अहम भूमिका रखती है। पंजाब जहां राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भारत की ताकत और सैनिक सामर्थ्य का हिरावल दस्ता माना जाता है, वहीं खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर भी यह सबसे अग्रणी राज्य है। अतः इसके राजनीतिक समीकरणों का सकल राष्ट्र की राजनीति पर सीधा प्रभाव पड़ता है। बेशक यहां से जीतकर आने वाले…

आगामी वर्ष 2027 के शुरू में देश के जिन पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर व गोवा में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं उनमें उत्तर प्रदेश के बाद पंजाब ऐसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सीमाओं से लगा प्रदेश है जिसकी आन्तरिक राजनीति राष्ट्रीय राजनीति में बहुत अहम भूमिका रखती है। पंजाब जहां राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भारत की ताकत और सैनिक सामर्थ्य का हिरावल दस्ता माना जाता है, वहीं खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर भी यह सबसे अग्रणी राज्य है। अतः इसके राजनीतिक समीकरणों का सकल राष्ट्र की राजनीति पर सीधा प्रभाव पड़ता है। बेशक यहां से जीतकर आने वाले लोकसभा सांसदों की संख्या मात्र 13 ही है मगर संसद के भीतर इनकी सक्रियता राष्ट्र की सुरक्षा व खाद्य नीति पर गहरी छाप डालती है। राज्य में छह साल बाद पुनः क्षेत्रीय अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबन्धन की घोषणा आज गृहमन्त्री श्री अमित शाह की उपस्थिति के बीच की गई। यह राजनीतिक गठबन्धन प्रदेश की हिन्दू-सिख जनता के लिए नैसर्गिक गठबन्धन के रूप में इसलिए देखा जाता रहा है क्योंकि महान सिख गुरुओं ने इन दोनों ही सम्प्रदायों के बीच अपार सम्मान व लोकप्रियता प्राप्त की और समूची मानव जाति को ही ‘एक’ बताया। अतः राजनीतिक तौर पर जब हिन्दू-सिख समीकरण बनता है तो इसमें भावनात्मक एकता परिलक्षित होती है परन्तु आधुनिक वैज्ञानिक समाज में राजनीति केवल भावनात्मक आधार पर नहीं चलती है और इसके संचालन में कई दूसरे आर्थिक व सामाजिक कारण भी अपनी अहम भूमिका निभाते हैं जिसकी वजह से पिछले 2022 के चुनाव में इस प्रदेश की जनता ने अपेक्षाकृत नई आम आदमी पार्टी को 117 सदस्यीय विधानसभा में 95 सीटें देकर सभी को चौंका दिया और अपने से पूर्ववर्ती सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को मात्र 18 सीटें देकर हाशिये पर खड़ा करते हुए अकाली दल को तीन व भाजपा को केवल दो सीटें ही दीं।
भाजपा व अकाली दल पिछला 2022 का चुनाव अलग-अलग रह कर लड़े थे। वैसे तो पंजाब में भी देश के अन्य प्रदेशों की तरह 1967 तक कांग्रेस पार्टी का ही राज रहा और इसके यशस्वी मुख्यमन्त्री स्व. सरदार प्रताप सिंह कैरों ने 1965 तक ही देश का सबसे प्रगतिशील व विकसित राज्य बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी मगर 1966 में जब भारत के हिस्से में आये संयुक्त पंजाब से काट कर पंजाबी सूबे का निर्माण किया और हरियाणा व हिमाचल प्रदेश को इससे अलग किया तो 1967 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत पाने में असमर्थ रही और तब पहली बार नये सूबे पंजाब में अकाली दल व जनसंघ ने गठबन्धन करके साझा सरकार बनाई। इस प्रकार देश के सबसे पुराने लोकतान्त्रिक क्षेत्रीय दल अकाली ने जनसंघ का साथ दिया तब से लेकर अब तक यह साथ कमोबेश तरीके से चलता रहा और जनसंघ भी भाजपा में परिवर्तित हो चुका था। मगर छह वर्ष पूर्व अकाली दल ने भाजपा का साथ किसान विधेयकों के मुद्दे पर छोड़ दिया था। दरअसल अकाली दल मूल रूप से पंजाब के गांवों की पार्टी है जिसका बीजारोपण 1917 में गुरुद्वारा आन्दोलन के दौरान हुआ था लेकिन कालान्तर में अकाली पार्टी में भी कई विसंगतियों ने जन्म लिया और यह गुटबाजी में भी फंसी तथा सत्तापरक अवगुणों से भी ग्रसित रही जिसकी वजह से पार्टी में परिवारवाद के बीज भी पड़े परन्तु आज की राजनीतिक परिस्थियां वे नहीं हैं जो अत्यन्त लोकप्रिय अकाली नेता स्व. प्रकाश सिंह बादल के रहते थीं। इसलिए बदले माहौल में अकालियों व भाजपाइयों का पुनः एक साथ आना प्रदेश की चुनावी राजनीति को गुणात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है।
अभी तक यह समझा जा रहा था कि राज्य में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को चुनावों में मुख्य मुकाबला कांग्रेस पार्टी से ही करना होगा परन्तु अकाली-भाजपा गठजोड़ की वजह से अब लड़ाई त्रिकोणात्मक हो सकती है जिससे चुनावी समीकरण नये बन सकते हैं। भाजपा ने घोषित कर दिया है कि यदि गठबन्धन चुनावों में जीतता है तो मुख्यमन्त्री अकाली दल से ही होगा। इस प्रकार गठबन्धन में अकाली दल के नेता पूर्व मुख्यमन्त्री श्री सुखबीर सिंह बादल की भूमिका बड़े भाई की होगी। जहां तक भाजपा का सवाल है तो इसके पास प्रभावशाली क्षेत्रीय नेतृत्व का अभाव है। वास्तविकता यह है कि पार्टी को आज तक श्री बलरामजी दास टंडन के बाद ऐसा नेता नहीं मिल सका है जिसकी पकड़ पूरे पंजाब पर हो। हालांकि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमन्त्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह भी आजकल भाजपा में ही हैं और स्व. कांग्रेसी नेता बलराम जाखड़ के सुपुत्र भी भाजपा में हैं। इस प्रकार राज्य में भाजपा प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता व गृहमन्त्री श्री अमित शाह के रणनीतिक राजनीतिक चातुर्य पर निर्भर करती है। इसके साथ ही अकाली दल व भाजपा दोनों को ही नये सिरे से पंजाब की राजनीतिक समीकरणों की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि आम आदमी पार्टी ऐसा तत्व है जिसने पिछले पांच साल से सत्ता में रहते हुए राज्य के गांवों से लेकर शहरों तक में अपनी पैठ बनाई है।
अकाली दल ने पिछले चुनावों में सुश्री मायावती की बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबन्धन बना कर दलित वोटों की राजनीति करनी चाही थी जो पूरी तरह असफल रही थी क्योंकि पंजाब की सामाजिक संरचना ही इस प्रकार की है कि इसमें जातिवाद का कार्ड नहीं चलता है। यहां के लोग बहुत वैज्ञानिक विचारों के माने जाते हैं और नये प्रयोग करने से घबराते भी नहीं हैं। इनकी औद्योगिक प्रगति का राज भी यही था हालांकि इसमें अब क्षरण आ चुका है परन्तु राजनीतिक मोर्चे पर इस प्रदेश के लोग देश, काल व परिस्थितियों का संज्ञान लेने में अग्रणी माने जाते रहे हैं और अपनी पंजाबी अस्मिता व संस्कृति के भी सच्चे हित पोषक रहे हैं। अकाली-भाजपा गठबन्धन की संभावित ताकत को इसी नजरिये से परखना होगा।

Aditya Chopra

Aditya Chopra is well known for his phenomenal viral articles.