यूपी चुनावों में महिला आरक्षण !

Summary :

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले केन्द्र की मोदी सरकार ने जिस प्रकार संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुला कर चुनाव क्षेत्रों के नये परिसीमन व महिला आरक्षण विधेयक का पत्ता चला है उससे विपक्षी दलों का इन राज्यों में चुनावी गणित गड़बड़ाने के पूरे आसार पैदा हो गये हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश में होने की संभावना है जिसकी जनसंख्या देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है। इस राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या भी इसी अनुपात में है। वैसे तो राज्य की राजनीति में विपक्षी दलों कांग्रेस पार्टी व समाजवादी पार्टी के बीच अभी…

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले केन्द्र की मोदी सरकार ने जिस प्रकार संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुला कर चुनाव क्षेत्रों के नये परिसीमन व महिला आरक्षण विधेयक का पत्ता चला है उससे विपक्षी दलों का इन राज्यों में चुनावी गणित गड़बड़ाने के पूरे आसार पैदा हो गये हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश में होने की संभावना है जिसकी जनसंख्या देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है। इस राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या भी इसी अनुपात में है।

वैसे तो राज्य की राजनीति में विपक्षी दलों कांग्रेस पार्टी व समाजवादी पार्टी के बीच अभी तक सीटों का कोई समझौता नहीं हुआ है मगर इसी बीच समाजवादी पार्टी ने 26 नवम्बर संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी करते हुए गरीब महिलाओं के लिए 40 हजार रु. सालाना मदद देने का वादा कर दिया है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी ने स्नातक बेरोजगार युवाओं को भी पांच हजार रु. मासिक भत्ता देने की घोषणा की है।

समाजवादी पार्टी राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस से गठबन्धन करने की मजबूरी को दूसरे पायदान पर रख कर देख रही है और स्पष्ट सन्देश दे रही है कि राज्य में भाजपा का वही असली विकल्प हो सकती है। हालांकि अभी तक उसने इकतरफा तरीके से कांग्रेस को 26 सीटें आवंटित करके यह सन्देश देने का प्रयास भी किया है कि भविष्य में कुछ और सीटों के लिए उसके दरवाजे खुले हुए हैं परन्तु कांग्रेस पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं खास कर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्री इमरान मसूद को उसकी यह हरकत बहुत चुभी है और उन्होंने कहा है कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है।

मगर राजनीति में कभी-कभी परिस्थितियां इतनी तेजी के साथ बदलती हैं कि सामने वाला राजनैतिक दल हतप्रभ रह जाता है। मोदी सरकार ने संविधान दिवस के दिन ही संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुला कर पूरे राजनैतिक वातावरण को पूरी तरह बदल दिया और उन सभी विरोधी राजनैतिक दलों को अचम्भे में डाल दिया जो संविधान दिवस के अवसर पर ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अलग- अलग आयोजन करके सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ वातावरण तैयार करने की कोशिश कर रहे थे।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जहां अपनी पार्टी के लखनऊ मुख्यालय में संविधान रक्षा दिवस के आयोजन में व्यस्त रह कर संविधान निर्माता बाबा साहेब अम्बेडकर के मूर्ति स्थल तक मार्च निकालना चाहते थे जिसकी इजाजत उन्हे नहीं मिली, वहीं दलित-मुस्लिम मतों को रिझाने की गर्ज से बने आजाद समाज पार्टी व इत्तेहादे मुसलमीन पार्टी के गठबन्धन ने एक रैली का आयोजन किया था। वहीं समाजवादी पार्टी के कर्ताधर्ता श्री अखिलेश यादव अपनी पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र जारी कर रहे थे।

इससे ऐसा लग रहा था कि राज्य की राजनीति निर्धारित साम्प्रदायिक व जातिवादी गठबन्धनों की राह पर ही चलेगी मगर भाजपा के तरकश से छूटे महिला आरक्षण व परिसीमन के विधेयक के बाण ने सारी समीकरणों को उलट-पुलट कर रख दिया और चुनावी विमर्श के आमूल-चूल रूप से बदलने की संभावनाओं को बल दे दिया। भाजपा के इस तीर से अब चुनावी मैदान में महिला समानता अधिकारों का मुद्दा गरमा सकता है जिससे सबसे बड़ी असुविधा समाजवादी पार्टी को ही होगी क्योंकि यह पार्टी चाहती है कि 33 प्रतिशत आरक्षित महिला सीटों के बीच भी दलित व पिछड़ी महिलाओं का आरक्षण हो और मुस्लिम महिलाओं को भी वरीयता मिले।

इससे समूचे चुनावी विमर्श के बदलने की संभावनाएं पैदा हो सकती हैं और राज्य में महिला मतदाताओं को लेकर राजनैतिक दलों के बीच आपा-धापी मच सकती है। जहां तक कांग्रेस का सवाल है तो राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते वह इस मुद्दे पर मुखर होकर यदि समाजवादी पार्टी का साथ देती है तो उस पर भी महिला आरक्षण में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लग सकता है। हालांकि कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी पूर्व में दलित व पिछड़ी महिलाओं के आरक्षण की हिमायत कर चुके हैं।

वैसे 2023 में संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण विधेयक सर्वसम्मति से पारित हो चुका है उस समय केवल इत्तेहादे मुसलमीन के सांसद ओवेसी ने इसके विरोध में लोकसभा में मत दिया था। वर्तमान में श्री ओवेसी की पार्टी दलित नेता चन्द्रशेखर की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबन्धन बना कर राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अतः वह भी इस बार संसद में इस विधेयक का विरोध नहीं कर सकते।

नये परिसीमन व महिला आरक्षण विधेयक में देश के सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत का इजाफा किया जायेगा जिससे उत्तर प्रदेश से भेजे जाने वाले सांसदों की संख्या 80 से बढ़ कर 120 हो जायेगी। यह ऐसा तथ्य है जिसके विरोध में जाना समाजवादी पार्टी के लिए भी आसान नहीं होगा वहीं दूसरी ओर इंडिया गठबन्धन के सहयोगी दलों के लिए भी इसका खुला विरोध करना राजनैतिक रूप से लाभकारी नहीं होगा जिसकी वजह से विपक्षी इंडिया गठबन्धन कह रहा है कि वर्तमान लोकसभा सांसदों की 545 संख्या के भीतर ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण कर दिया जाना चाहिए।

जहां तक भाजपा का सवाल है तो अगले साल के शुरू में राज्य विधानसभा चुनावों में हार-जीत उसके लिए जीवन-मरण का प्रश्न है क्योंकि बिना उत्तर प्रदेश जीते पार्टी 2029 में पुनः लोकसभा चुनावों में विजयी होने का सपना नहीं पाल सकती। फिलहाल राज्य में जो चुनावी राजनैतिक समीकरण उभर रहे थे उनसे भाजपा को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना थी क्योंकि सपा नेता श्री आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद मुस्लिमों के 20 प्रतिशत मतों का ध्रुवीकरण समाजवादी पार्टी के पक्ष में होने की उम्मीद बंध गई थी जिसकी वजह से यह पार्टी कांग्रेस को कम तवज्जो दे रही थी क्योंकि कमोबेश रूप से मुस्लिम मतदाता राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी के खेमे में आ चुके हैं।

वहीं चन्द्रशेखर व ओवेसी के गठबन्धन का असर भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में ही छिट-पुट माना जा रहा था। परन्तु महिला आरक्षण के अस्त्र से भाजपा ने इन सभी विमर्शों को छिन्न-भिन्न कर दिया है और राज्य की आबादी में 50 प्रतिशत महिला मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने का इन्तजाम बांध दिया है। बेशक मुस्लिम समाज में इसका ज्यादा असर देखने को न मिले मगर जहां तक हिन्दू समाज का सवाल है तो इसमें भाजपा का पलड़ा भारी रहने की उम्मीद है। मगर इस सबसे ऊपर भाजपा समूचे चुनावी माहौल को बदलने में कामयाब होगी जिसकी वजह से हर राजनैतिक दल को अपने चुनावी एजेंडे में परिवर्तन करना पड़ेगा।

इसके साथ परिसीमन में हर राज्य विधानसभा की भी 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रावधान है जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में महिला आकांक्षाओं को हवा दी जा सकेगी। राज्य में जिला पंचायतों व स्थानीय निकायों में महिला आरक्षण पहले से ही लागू है जिसके कारण महिलाओं की अपेक्षाएं पहले ही बहुत बढ़ चुकी हैं। अतः प्रत्येक राजनैतिक दल के लिए यह जरूरी हो जायेगा कि वह महिला आरक्षण पर सार्वजनिक रूप से सकारात्मक रुख दिखाये।

Team Desk