हरियाणा के नूंह में फिर छिड़ा विवाद! जमकर हुआ पथराव और मारपीट, जानें क्या है पूरा मामला?

Summary :

हरियाणा के नूंह में बिरयानी की रेहड़ी लगाने के किराये को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। सौंख अड्डे पर शुरू हुई कहासुनी पथराव और मारपीट में बदल गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना नूंह-तावडू रोड पर स्थित सौंख अड्डे की है। यहां एक दुकान के सामने बिरयानी की रेहड़ी लगाने के लिए दिए जाने वाले किराये को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था।

हरियाणा/नूंह: हरियाणा के नूंह जिले से एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल यहां बिरयानी की रेहड़ी लगाने के किराये को लेकर दो पक्षों के बीच बड़ा विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। साथ ही एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और कोल्ड ड्रिंक की कांच की बोतलें भी फेंकी गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना नूंह-तावडू रोड पर स्थित सौंख अड्डे की है। यहां एक दुकान के सामने बिरयानी की रेहड़ी लगाने के लिए दिए जाने वाले किराये को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में यह मामूली कहासुनी थी, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया।

करीब एक घंटे तक चलता रहा हंगामा

जानकारी के अनुसार, सौंख अड्डे पर दुकान के सामने रेहड़ी लगाने के किराये को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। इसके बाद दोनों तरफ के लोग इकट्ठा हो गए और मामला पथराव तक पहुंच गया। इस दौरान एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और कांच की बोतलें फेंकी गईं। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस बीच हवाई फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

विवाद के दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ गाड़ियों  को नुकसान पहुंचा और गाड़ियों के शीशे टूट गए। वहीं, सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

पुलिस की मौजूदगी में भी नहीं थमा विवाद

हंगामे की सूचना मिलने पर सदर थाना नूंह की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में विवाद जारी रहा। काफी कोशिशों  के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को कंट्रोल  किया। इसके बाद सड़क से जाम हटवाकर ट्रैफिक दोबारा शुरू कराया गया। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दोबारा विवाद की स्थिति न बने।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष ने इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। वहीं, घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प और हंगामा दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस विवाद में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें: थप्पड़-मुक्कों के बाद छाती पर मारी टक्कर, पानीपत में सामान रखने को लेकर हुए विवाद में दुकानदार की मौत

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।